Jamshedpur : बिरसानगर में निर्मित प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएम आवास) के तहत आवंटित फ्लैटों के लाभुकों का लंबे समय से चला आ रहा इंतजार अब खत्म होने वाला है। नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी दी है कि लाभुकों को 19 जून को उनके आवंटित फ्लैटों की चाबी सौंप दी जाएगी।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि फ्लैटों में मौजूद टूट-फूट और अन्य मरम्मत संबंधी कार्य सरकार के खर्च पर कराए जाएंगे। इस संबंध में विभागीय अधिकारियों को जल्द ही आवश्यक निर्देश जारी किए जाएंगे ताकि लाभुकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
बताया गया कि राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर 18 जून को मतदान होना है। ऐसे में चुनावी प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित करना उचित नहीं माना गया। इसी कारण लाभुकों को फ्लैटों की चाबी 19 जून को सौंपने का निर्णय लिया गया है।
यह फैसला पीएम आवास लाभार्थियों की लंबे समय से लंबित मांग को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लाभुकों ने मंत्री के इस निर्णय पर संतोष जताया है और उम्मीद जताई है कि अब उन्हें जल्द ही अपने नए आशियाने में रहने का अवसर मिलेगा।

