Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में विकास कार्यों को गति देने और नई योजनाओं को मंजूरी देने के उद्देश्य से बुधवार को उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला योजना समिति की कार्यकारिणी समिति की बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक में जिला योजना अनाबद्ध निधि के तहत संचालित और प्रस्तावित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की गई तथा कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में पूर्व में स्वीकृत 38 योजनाओं को कार्यकारिणी समिति ने घटनोत्तर स्वीकृति प्रदान की। इनमें आरसीसी कल्वर्ट निर्माण, गार्डवाल निर्माण, पहुंच पथ निर्माण, घाटशिला में जोहार मार्ट के लिए दुकान और शोरूम निर्माण, सोलर आधारित मिनी पाइप्ड वाटर सप्लाई योजनाओं की मरम्मत एवं रखरखाव तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में जलापूर्ति व्यवस्था को मजबूत करने जैसी योजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला योजना अनाबद्ध निधि से प्राप्त राशि के उपयोग और विभिन्न जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजे गए विकास योजनाओं के प्रस्तावों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सांसद एवं विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों द्वारा अनुशंसित कुल 139 जनहितकारी योजनाओं पर विचार किया गया। इन योजनाओं का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करना, संपर्क मार्गों का निर्माण, सामुदायिक परिसंपत्तियों का विकास तथा नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उपायुक्त राजीव रंजन ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन में स्थानीय जरूरतों और क्षेत्रीय प्राथमिकताओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। साथ ही उपलब्ध संसाधनों का उपयोग पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
बैठक में योजनाओं के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तेजी से कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम अंसारी, उप विकास आयुक्त नागेंद्र पासवान, धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी अर्नव मिश्रा, विशिष्ट अनुभाजन पदाधिकारी राहुल जी आनंद, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार समेत जिला योजना समिति की कार्यकारिणी समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Read Also: कदमा में युवक पर जानलेवा हमला, पिस्तौल की बट से सिर फोड़ा; सोने की चेन छीनने का आरोप

