Home » Dhanbad Crime : धनबाद में कोल माफिया का आतंक, BCCLजीएम को दी जान से मारने की धमकी,गाड़ी पर हमला

Dhanbad Crime : धनबाद में कोल माफिया का आतंक, BCCLजीएम को दी जान से मारने की धमकी,गाड़ी पर हमला

​बीसीसीएल कतरास के महाप्रबंधक बीके झा को कोयला चोरी के खिलाफ सख्त कदम उठाना भारी पड़ गया। कोयला चोरों के एक गिरोह ने उन पर जानलेवा हमले की साजिश रची, लेकिन वे सुरक्षित बच निकले।

by Kanchan Kumar
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

धनबाद : धनबाद में कोयला माफियाओं के हौसले बुलंद हैं । अब वे बड़े अधिकारियों पर भी हमला करने से नहीं कतरा रहे। ताजा मामला बीसीसीएल (BCCL) के कतरास क्षेत्र का है, जहां के महाप्रबंधक (जीएम) बीके झा को कोयला चोरी के खिलाफ सख्त कदम उठाना भारी पड़ गया। कोयला चोरों के एक गिरोह ने उन पर जानलेवा हमले की साजिश रची, लेकिन खुशकिस्मती से जीएम बच निकले। उन्होंने तेतुलमारी थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

घटना शनिवार, 13 जून की रात करीब 8 बजे की है। जीएम बीके झा को पहले ही भनक लग गई थी कि कुछ असामाजिक तत्व रास्ते में हंगामा कर रहे हैं। खतरे को भांपते हुए उन्होंने फौरन सीआईएसएफ (CISF) से सुरक्षा मांगी। इसके बाद वे अपनी सरकारी गाड़ी छोड़कर दूसरी गाड़ी से धनबाद स्थित अपने घर के लिए निकले। उनकी सरकारी गाड़ी में सिर्फ ड्राइवर गोलू कुमार और एक सीआईएसएफ जवान मौजूद थे।

​शक्ति चौक से कुछ दूरी पर घात लगाए बैठे अपराधियों ने जीएम की सरकारी गाड़ी को घेर लिया। जब उन्होंने देखा कि गाड़ी में जीएम नहीं हैं, तो उन्होंने गुस्से में ड्राइवर गोलू कुमार की पिटाई कर दी। अपराधियों ने ड्राइवर को धमकी देते हुए कहा-अपने साहब से कह देना कि ज्यादा उड़ने की जरूरत नहीं है, वरना अंजाम बहुत बुरा होगा।

​गोल बिल्डिंग तक किया पीछा

​अपराधी इतने बेखौफ थे कि जीएम को ढूंढने के लिए उन्होंने उनकी दूसरी गाड़ी का पीछा किया और धनबाद के गोल बिल्डिंग तक पहुंच गए। वहां भी जीएम नहीं मिले तो उन्होंने ड्राइवर को दोबारा डराया। अपराधियों ने साफ शब्दों में कहा, आज तो साहब बच गए, लेकिन अगर आगे से कांटा पहाड़ी पैच में कोयला चोरी रोकने की कोशिश की, तो सीधे गोली मार देंगे।

​स्कॉर्पियो से रेकी कर रहे थे अपराधी

​स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगलवार की शाम को भी तेतुलमारी-गया पुल के पास करीब छह काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ियां देखी गई थीं। उनमें सवार लोग जीएम की रेकी कर रहे थे। लोगों के मुताबिक, अगर पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो बदमाशों का सुराग आसानी से मिल सकता है।
तेतुलमारी थाना प्रभारी विवेक कुमार चौधरी ने कतरास क्षेत्र के जीएम की तरफ से शिकायत मिलने की पुष्टि की है। कहा- पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर अपराधियों का पता लगाया जा रहा है।

Read Also: Petrol Diesel Latest News : कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के बावजूद तुरंत सस्ता नहीं होगा पेट्रोल-डीजल, जानें केंद्रीय मंत्री ने क्या दिया बड़ा बयान

 

 

 

Related Articles

Leave a Comment