
पूर्वी सिंहभूम : कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर-2 स्थित इमामबाड़ा के समीप हुए चर्चित गोरा हत्याकांड में महिला सिपाही को गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने धनबाद बालिका संप्रेषण गृह में कार्यरत महिला सिपाही संगीता खलखो को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा है। पुलिस का दावा है कि जांच के दौरान उसके खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिले हैं और साक्ष्यों के आधार पर यह कार्रवाई की गई है।
संगीता भालूबासा मुस्लिम बस्ती की निवासी है। उसका पुत्र सलमान पहले से ही इस हत्या सहित कई अन्य गंभीर मामलों में जेल में बंद है। सलमान पर हत्या, फायरिंग, रंगदारी और अन्य आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कदमा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव ने बताया कि 21 नवंबर 2025 को गोरा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के पिता मो. नियाज के बयान पर कदमा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में विजय पांडेय, शादाब खान उर्फ बिल्ली, अयान, सलमान खान, संगीता खालको तथा अन्य लोगों को आरोपित बनाया गया था।
पुलिस जांच के दौरान पहले ही विजय पांडेय, शादाब खान उर्फ बिल्ली, अयान और शुभम कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच में हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल और घटना में प्रयुक्त कार भी बरामद की गई थी। इसके बाद जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर संगीता की संलिप्तता सामने आने पर उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह मामला गैंगवार से जुड़ा पाया गया है। घटना के समय हमलावरों ने गोरा पर ताबड़तोड़ सात गोलियां चलाई थीं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ था कि अयान ने छह गोलियां चलाई थीं, जबकि शादाब खान उर्फ बिल्ली ने एक गोली दागी थी।
पुलिस अब भी इस हत्याकांड से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों, साजिशकर्ताओं और पूरे घटनाक्रम की गहन जांच कर रही है ताकि मामले के सभी पहलुओं का खुलासा किया जा सके।

