
Jamshedpur : जमशेदपुर पुलिस ने गोलमुरी थाना क्षेत्र के रामदेव बगान में हुए गोलीकांड का रविवार को खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोडेड पिस्टल, एक जिंदा गोली और एक खोखा भी बरामद किया है।
गौरतलब है कि 14 जून की रात करीब 11:30 बजे रामदेव बगान में हुई फायरिंग की घटना में दीपक कुमार झा (29 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायल दीपक कुमार झा सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के टाटा लाइन के रहने वाले हैं। मामले को लेकर गोलमुरी थाना में कांड संख्या 71/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 352 और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
घटना के खुलासे के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने मामले में संलिप्त आरोपी शुभम कुमार को 20 जून को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी शुभम कुमार गोलमुरी के टाटा लाइन स्थित देबुन बगान का निवासी है, जबकि उसका स्थायी पता बिहार के सिवान जिले के सराय थाना क्षेत्र अंतर्गत माहपुर गांव है। पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक लोडेड पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस कार्रवाई में पुलिस उपाधीक्षक (नगर) संजीव कुमार, गोलमुरी थाना प्रभारी संजय सुमन सहित थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल शामिल रहे।

