
Palamu : मुहर्रम की सातवीं तारीख के अवसर पर पलामू जिला मुख्यालय मेदनीनगर में मंगलवार देर रात से बुधवार सुबह तक अकीदत के साथ जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान पूरा शहर “या हसन-या हुसैन” के नारों से गूंज उठा। विभिन्न मोहल्लों से शामिल हुए युवाओं ने लाठी, तलवार और अन्य पारंपरिक हथियारों के साथ हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया।
पहाड़ी मोहल्ला स्थित कर्बला से मुहर्रम इंतजामिया कमेटी के जनरल खलीफा जीशान खान के नेतृत्व में देर रात जुलूस की शुरुआत हुई। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा, जहां लोगों ने पारंपरिक खेल और मातमी प्रदर्शन प्रस्तुत किए। जुलूस शाह मोहल्ला, कन्नी राम चौक, सत्तार सेठ चौक, विष्णु मंदिर रोड, चावल पट्टी, महावीर मंदिर रोड, घड़ा पट्टी, जैन मंदिर रोड और पंच मुहान होते हुए थाना परिसर पहुंचा।
थाना परिसर में पारंपरिक खेलों के प्रदर्शन के बाद जुलूस लाल कोठा, गीता भवन, शहीद भगत सिंह चौक, सत्तार सेठ चौक और कन्नी राम चौक होते हुए पुनः कर्बला पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान कुंड मोहल्ला, कांजी हाउस मोहल्ला, झोपड़पट्टी, राहत नगर, हुसैन नगर, पहाड़ी मोहल्ला, मुस्लिम नगर, शाह मोहल्ला, कसाव मोहल्ला, धोबी मोहल्ला और शास्त्री नगर सहित विभिन्न क्षेत्रों के लोग अपने-अपने निशान के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम का समापन बुधवार सुबह करीब 10 बजे हुआ।
वहीं शाने हुसैन कमेटी द्वारा नावाटोली और बेलवाटिका, मिल्लत-ए-आजाद कमेटी द्वारा सुदना तथा नवजवान हुसैनिया कमेटी द्वारा बैरिया में भी सातवीं मुहर्रम का जुलूस निकाला गया। इसके अलावा कर्बला हुसैन कमेटी, केजीएन कमेटी, जन्नत-ए-हुसैन कमेटी, मिल्लत इस्लामिया हुसैन कमेटी, हैदर-ए-करार कमेटी और इस्लामिया हवारी कमेटी ने भी निशान और बाजे-गाजे के साथ जुलूस निकालकर मुहर्रम की सातवीं को श्रद्धा और अकीदत के साथ मनाया।
शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। जुलूस के सफल आयोजन में अंजुमन इस्लाहुल मुस्लेमीन कमेटी के जिला सदर मुस्तफा कमाल, पूर्व जनरल आफताब आलम, आसिफ राइन उर्फ मोनू समेत बड़ी संख्या में हुसैनी भाईयों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
Read also हुसैनी मिशन में सातवीं मुहर्रम को हुई मजलिस, निकले अलम के जुलूस

