
चाईबासा : पिछले तीन महीने से मानदेय भुगतान न होने से नाराज 108 एंबुलेंस सेवा के चालकों और कर्मचारियों ने गुरुवार को सिविल सर्जन कार्यालय के सामने धरना शुरू कर दिया। कर्मियों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक बकाया मानदेय का भुगतान नहीं होता, तब तक हड़ताल जारी रहेगी।
सम्मान फाउंडेशन पर समय पर वेतन न देने का आरोप
108 एंबुलेंस सेवा का संचालन करने वाली एजेंसी सम्मान फाउंडेशन पर कर्मियों ने समय पर वेतन न देने का आरोप लगाया है। प्रदर्शन कर रहे कर्मियों ने बताया कि उन्होंने पहले ही सिविल सर्जन को पत्र सौंपकर 24 जून तक बकाया भुगतान की मांग की थी। लेकिन कोई कार्रवाई न होने के कारण मजबूरन हड़ताल पर बैठना पड़ा।
हड़ताल के चलते मरीजों को भारी परेशानी
पश्चिम सिंहभूम जिले में 108 सेवा के तहत कुल 60 चालक और ईएमटी कार्यरत हैं। कुल 22 एंबुलेंस में से 17 चालू हालत में हैं। लेकिन हड़ताल के चलते गुरुवार को सिर्फ सात एंबुलेंस ही सड़क पर दौड़ पाईं। इससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वेतन न मिलने से घर चलाना मुश्किल- एंबुलेंस कर्मी
इमरजेंसी सेवा प्रभावित होने से ग्रामीण इलाकों के मरीज सबसे ज्यादा परेशान हैं। धरना स्थल पर कर्मियों ने कहा कि तीन माह से वेतन न मिलने के कारण घर चलाना मुश्किल हो गया है। बच्चों की फीस, राशन और दवा तक के लिए पैसे नहीं हैं। कई बार एजेंसी से गुहार लगाई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला। वहीं इस मामले पर सिविल सर्जन ने कहा कि मानदेय का मामला संचालन एजेंसी और कर्मियों के बीच का है। फिर भी विभाग मरीज हित को देखते हुए एजेंसी से बात कर जल्द भुगतान कराने का प्रयास करेगा। उन्होंने एजेंसी को जल्द बकाया जारी करने का निर्देश देने की बात कही।
वेतन नहीं आने तक जारी रहेगी हड़ताल
कर्मियों ने कहा कि जब तक खाते में वेतन नहीं आता, धरना जारी रहेगा। हड़ताल लंबी खिंचने पर जिले की आपात स्वास्थ्य सेवा पूरी तरह ठप हो सकती है।

