
Jamshedpur : जमशेदपुर के बाजारों में रेज़गारी (सिक्कों) की कमी से जूझ रहे व्यापारियों और ग्राहकों को राहत देने की पहल हुई है। इसके लिए सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने अपने विशेष सिक्का वितरण अभियान के तहत गुरुवार को सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से ₹5 लाख मूल्य के सिक्कों का वितरण किया। चैंबर की इस पहल को व्यापारिक समुदाय का व्यापक समर्थन मिल रहा है। अब तक विभिन्न बैंकों के सहयोग से करीब ₹55 लाख मूल्य के सिक्के वितरित किए जा चुके हैं।
चैंबर के अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि बाजार में छोटे लेनदेन को आसान बनाने और व्यापारियों की परेशानी दूर करने के मकसद से यह अभियान शुरू किया गया है, जो तब तक जारी रहेगा जब तक सिक्कों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित नहीं हो जाती। उन्होंने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग के लिए आभार जताया।
उपाध्यक्ष (ट्रेड एंड कॉमर्स) अनिल मोदी ने कहा कि रेज़गारी की कमी से दुकानदारों और ग्राहकों दोनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं सचिव (ट्रेड एंड कॉमर्स) भरत मकानी ने बताया कि चैंबर लगातार विभिन्न बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक सिक्कों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का प्रयास कर रहा है।
कार्यक्रम में सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के सहायक महाप्रबंधक संजीत कुमार और कैश इंचार्ज अमित डे का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर चैंबर के उपाध्यक्ष हर्ष बाकरेवाल, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, सचिव अंशुल रिंगसिया, सचिव विनोद शर्मा सहित कई पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित थे।

