
पलामू : पलामू में दहेज प्रताड़ना की दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले के तरहसी थाना क्षेत्र के कसमार में दहेज का बकाया 70 हजार रुपये नहीं मिलने पर नवविवाहिता को पेट्रोल डालकर जला दिया गया। रांची रिम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पति और ससुर के खिलाफ पेट्रोल डालकर जलाने की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
शव के साथ विवाहिता के परिजन शुक्रवार को तरहसी थाना पहुंचे और पति पवन कुमार और ससुर महेंद्र राम के खिलाफ मामला दर्ज कराया। थाना प्रभारी आनंद राम ने बताया कि इस संबंध में केस दर्ज किया गया है। इधर, मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दोपहर में शव का पोस्टमार्टम किया गया।
डेढ़ लाख रुपये दहेज में तय हुई थी शादी
जानकारी के अनुसार चतरा जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव निवासी बबलू राम ने अपनी 20 वर्षीया पुत्री नेहा कुमारी की शादी 25 नवंबर 2025 को पदमा सूर्य मंदिर में कसमार के पवन कुमार पिता महेंद्र राम से कराई थी। शादी के समय डेढ़ लाख रुपये दहेज देने की बात कही गई थी। 80 हजार दिए गए थे। 70 हजार बकाया था।
लड़की पक्ष वालों के अनुसार शादी के बाद नेहा को दहेज के बकाया रुपये के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। नेहा की मां, पिता, मौसी सहित अन्य परिजनों का आरोप है कि 10 जून को पति एवं ससुर ने मिलकर पेट्रोल डालकर उसके शरीर में आग लगा दी। सूचना मिलने पर पिता बबलू राम ने नेहा का इलाज पहले मेदिनी नगर के निजी अस्पताल में कराया। स्थिति गंभीर होने पर रांची ले गए।
रांची रिम्स में 25 जून को रिम्स के डॉक्टर ने जवाब दे दिया और रोगी को घर ले जाने की सलाह दी। परिजन नेहा को वापस ला रहे थे। तभी 26 जून की सुबह 2 बजे रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन डेड बॉडी लेकर सीधे तरहहसी थाना पहुंचे और मामला दर्ज कराया।
मामले में नेहा के पति पवन ने कहा कि पेट्रोल डालकर किसने आग लगाई, इसकी जानकारी उसे नहीं है। जलने की जानकारी मिलने पर बचाने गया था। इलाज भी कराने में साथ रहा। आरोप बेबुनियाद और निराधार है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

