
Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले में मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। इसी कड़ी में ‘प्रोजेक्ट समावेश’ के तहत टाटा कॉलेज चाईबासा के बहुउद्देशीय सभागार में बूथ वार प्रतिनियुक्त वॉलिंटियर्स के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी बंधन लॉन्ग, पोड़ाहाट चक्रधरपुर की अनुमंडल पदाधिकारी श्रुति राजलक्ष्मी, प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल और जिला शिक्षा पदाधिकारी टोनी प्रेमराज टोप्पो सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
निष्पक्षता और समर्पण से कार्य करें वॉलिंटियर्स: उपायुक्त
कार्यशाला को संबोधित करते हुए उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था की एक अत्यंत महत्वपूर्ण और बुनियादी प्रक्रिया है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हर एक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ना और सूची को पूरी तरह से त्रुटिरहित (गलती मुक्त) एवं अद्यतन (अपडेट) बनाना है।
इस महत्वपूर्ण कार्य में बूथ वार वॉलंटियर्स की भूमिका बेहद अहम है। सभी वॉलंटियर्स पूरी जिम्मेदारी, निष्पक्षता और समर्पण के साथ काम करें। वे बूथ लेवल पदाधिकारियों (बीएलओ) को हर स्तर पर सहयोग दें ताकि कोई भी योग्य मतदाता छूटने न पाए।
30 जून से शुरू होगा प्रपत्रों वितरण
उपायुक्त ने आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि 30 जून 2026 से जिले के सभी बूथ लेवल पदाधिकारियों (BLO) द्वारा गणना प्रपत्रों का दो प्रतियों में मतदाताओं के बीच वितरण शुरू किया जाएगा। उन्होंने वॉलंटियर्स को निर्देश दिया कि वे इस कार्य में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और मतदाताओं को फॉर्म भरने तथा उसे समय पर जमा करने में पूरी मदद करें।
29 जून से शैक्षणिक संस्थानों में चलेंगे विशेष जागरूकता अभियान
कार्यशाला में बताया गया कि 29 जून 2026 को जिले के सभी स्कूलों और कॉलेजों में निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) के माध्यम से विशेष जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसका उद्देश्य युवाओं और पहली बार मतदाता बनने वाले नागरिकों को चुनावी प्रक्रिया के प्रति जागरूक करना और लोकतंत्र में उनकी भागीदारी पक्की करना है।
वॉलंटियर्स को मिला तकनीकी प्रशिक्षण
प्रशिक्षण सत्र के दौरान वॉलंटियर्स को मतदाता सूची पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया बारीकी से समझाई गई। उन्हें गणना प्रपत्रों के वितरण और संग्रहण (कलेक्शन), प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन, बीएलओ के साथ तालमेल बिठाने और मतदाता जागरूकता गतिविधियों के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तार से जानकारी दी गई। सत्र के अंत में अधिकारियों ने वॉलंटियर्स के सवालों और शंकाओं का समाधान भी किया।
त्रुटिरहित चुनाव और नशामुक्त जिले का लिया संकल्प
कार्यशाला के समापन पर उपस्थित सभी अधिकारियों, शिक्षकों और वॉलंटियर्स ने जिले में इस अभियान को सफल और त्रुटिरहित बनाने का साझा संकल्प लिया। इसके साथ ही, सामाजिक सरोकार निभाते हुए सभी ने पश्चिमी सिंहभूम को पूरी तरह से नशा मुक्त जिला बनाने और समाज में नशा उन्मूलन के प्रति जागरूकता फैलाने की सामूहिक शपथ भी ली।
जिला प्रशासन की अपील
जिला प्रशासन ने पश्चिमी सिंहभूम के सभी आम नागरिकों से अपील की है कि वे इस पुनरीक्षण कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर सहयोग करें। जब बीएलओ और वॉलंटियर्स उनके घर आएं, तो उन्हें सही जानकारी उपलब्ध कराएं ताकि एक सशक्त और पारदर्शी लोकतंत्र का निर्माण किया जा सके।

