
चक्रधरपुर : जुर्ली में दक्षिण पूर्व रेलवे मेंस कांग्रेस की रनिंग शाखा की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को आयोजित की गई। इस बैठक में 200 से अधिक रनिंग कर्मचारियों ने हिस्सा लिया और एक स्वर में नई तबादला नीति को पूर्णतः अस्वीकार कर दिया।
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि ऐसा प्रतीत होता है कि यह नई तबादला नीति केवल कुछ चुनिंदा लॉबियों को ही अनुचित लाभ पहुँचाने के उद्देश्य से तैयार की गई है, जिससे अधिकांश रनिंग कर्मचारियों के हित बुरी तरह प्रभावित होंगे। कर्मचारियों ने सर्वसम्मति से मांग की कि इस नई नीति को तुरंत निरस्त कर पुरानी तबादला नीति के आधार पर ही स्थानांतरण एवं पोस्टिंग की व्यवस्था लागू की जाए।
नई नीति से बढ़ेगी परेशानी, इच्छित लॉबी पाना होगा मुश्किल
नाराज कर्मचारियों का कहना है कि नई व्यवस्था के तहत ब्रांच लाइन में कार्यरत कर्मचारियों को वर्षों तक सेवा देने और लंबा इंतजार करने के बावजूद अपनी मनपसंद लॉबी में स्थानांतरण का अवसर नहीं मिल सकेगा।
नई नीति के अनुसार, ब्रांच लाइन में दो वर्ष की सेवा पूर्ण करने के बाद कर्मचारी केवल चक्रधरपुर, सिनी, मूरी एवं झारसुगुड़ा लॉबी में ही स्थानांतरण के लिए पात्र होंगे।
इन तय लॉबियों में भी स्थानांतरण कब और कितने समय में होगा, इसकी कोई समय-सीमा (Timeframe) निर्धारित नहीं की गई है।
3 वर्ष का कड़ा लॉकिंग पीरियड
इन चार लॉबियों में स्थानांतरण होने के बाद भी कर्मचारियों को तीन वर्ष के कड़े लॉकिंग पीरियड का सामना करना होगा। इसके पूरा होने के बाद ही वे अपनी इच्छित लॉबी में जाने के पात्र बन सकेंगे, लेकिन उसकी भी कोई निश्चित समय-सीमा तय नहीं है। रनिंग कर्मचारियों का मानना है कि यह पूरी जटिल प्रक्रिया विशेष रूप से डीपीएस , जुर्ली एवं अन्य ब्रांच लाइनों में कार्यरत कर्मचारियों का मानसिक उत्पीड़न करने वाली है, जो पहले से ही कार्यक्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं के घोर अभाव से जूझ रहे हैं।
मेंस कांग्रेस आंदोलन के मूड में
बैठक को संबोधित करते हुए मेंस कांग्रेस के महासचिव एसआर मिश्रा ने कर्मचारियों की मांगों का पुरजोर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि पुरानी ट्रांसफर नीति कहीं अधिक व्यावहारिक, न्यायसंगत एवं कर्मचारी हितैषी थी। एसआर मिश्रा ने सभी कर्मचारियों को आश्वस्त किया कि मेंस कांग्रेस इस विषय को बेहद गंभीरता से रेल प्रशासन के समक्ष उठाएगी। उन्होंने साफ किया कि नई JPO में आवश्यक संशोधन कराने अथवा पुरानी न्यायसंगत व्यवस्था को बहाल कराने के लिए संगठन हरसंभव प्रयास और संघर्ष करेगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्य रूप से मंडल संयोजक शशि मिश्रा, रनिंग शाखा के अध्यक्ष एन. एन. सिंह, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार, सहायक सचिव एम. के. सिंह, आर. के. आदित्य, निमेष कुमार, दीपक कुमार, अभिषेक कुमार और कुंदन पटेल सहित मंडल के भारी संख्या में रनिंग कर्मचारी उपस्थित थे।

