Home » Palamu News : दंगवार बाजार में छह लाख के जेवर लूटने की कोशिश नाकाम, लोगों ने एक बदमाश को दबोचा

Palamu News : दंगवार बाजार में छह लाख के जेवर लूटने की कोशिश नाकाम, लोगों ने एक बदमाश को दबोचा

by Rakesh Pandey
jamshedpur Crime
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

पलामू : झारखंड में पलामू जिले के हुसैनाबाद प्रखंड स्थित दंगवार मुख्य बाजार में शनिवार देर शाम ज्वेलर्स से लाखों रुपये के आभूषण लूटने की कोशिश स्थानीय लोगों की सतर्कता और साहस से विफल हो गई। बाइक सवार दो बदमाश दुकान बंद कर घर लौट रहे ज्वेलरी कारोबारी से आभूषणों से भरा बैग छीनकर भागने लगे, लेकिन लोगों ने पीछा कर एक आरोपी को पकड़ लिया। उसका दूसरा साथी बाइक के साथ मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

दुकान बंद कर घर लौटते समय हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, दंगवार मुख्य बाजार स्थित मां शांति ज्वेलर्स के संचालक श्रवण सोनी शनिवार रात करीब आठ बजे अपने पुत्र अंश कुमार सोनी के साथ दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। उनके पास सोने-चांदी के आभूषणों से भरा एक बैग था, जिसकी अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है।

इसी दौरान पहले से घात लगाए बाइक सवार दो युवकों ने अंश कुमार सोनी के हाथ से बैग झपट लिया और तेज गति से भागने का प्रयास किया।

लोगों की सतर्कता से नाकाम हुई लूट

घटना के तुरंत बाद अंश कुमार सोनी ने बदमाशों का पीछा किया और शोर मचाया। आवाज सुनते ही आसपास मौजूद स्थानीय युवक बबलू सहित कई लोग मौके पर पहुंचे और बदमाशों के पीछे दौड़ पड़े। लोगों ने काफी दूरी तक पीछा करने के बाद एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी बाइक लेकर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की तत्परता के कारण आभूषणों से भरा बैग सुरक्षित बरामद कर लिया गया और करीब छह लाख रुपये मूल्य के जेवर लूटे जाने से बच गए।

पकड़े गए आरोपी से पूछताछ, फरार साथी की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही दंगवार ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर हुसैनाबाद थाना भेज दिया। मामले की जांच कर रहे एसआई धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद कुछ समय के लिए दंगवार बाजार के व्यापारियों में दहशत का माहौल रहा। हालांकि स्थानीय लोगों की सक्रियता और पुलिस की त्वरित कार्रवाई से बड़ी वारदात टल गई। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।

Read Also- Dhanbad News : धनबाद रेल मंडल की मेगा टिकट चेकिंग में 606 बेटिकट यात्री पकड़े गए, 5.29 लाख रुपये जुर्माना

Related Articles