
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय शिक्षिका वंदना महतो की मौत हो गई। घटना गोइलकेरा-चक्रधरपुर मार्ग एनएच-320 डी पर सोनुवा के निश्चितपुर स्कूल के पास हुई। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने शिक्षिका को टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। निश्चितपुर गांव की रहने वाली वंदना महतो एसएस+2 हाई स्कूल, सोनुवा में पढ़ाने जा रही थीं। इसी दौरान चक्रधरपुर की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उन्हें रौंद दिया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने घायल शिक्षिका को सोनुवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन चाईबासा ले जाने के दौरान रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने एनएच-320 डी को किया जाम
शिक्षिका की मौत की खबर मिलते ही इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने घटनास्थल के पास एनएच-320 डी को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क पर तेज रफ्तार ट्रैक्टरों की मनमानी लगातार बढ़ रही है। नशे में धुत और नाबालिग चालकों पर कोई कार्रवाई नहीं होने से ट्रैक्टर सड़कों पर “यमराज” बन गए हैं।
नाबालिग और नशे में वाहन चलाने वालों पर की जाए सख्त कार्रवाई
इस हादसे ने जिले में सड़क सुरक्षा की पोल एक बार फिर खोल दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ट्रैक्टर चालकों की जांच हो, नाबालिग और नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही मृतक शिक्षिका के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग भी की गई।
ट्रैक्टर जब्त, चालक की तलाश जारी
सूचना पर सोनुवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया गया है।

