
Jamshedpur : बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन पब एंड बार के बाहर हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को साकची स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने कहा कि यह केवल हत्या की घटना नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था की पूरी तरह विफलता का उदाहरण है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह घटना पुलिस की मौजूदगी में हुई और मामले में दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ भी हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाना चाहिए।
प्रेस वार्ता में जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, जिला प्रभारी बबन गुप्ता, भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा और जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा भी मौजूद रहे।
पुलिस की मौजूदगी में हुई वारदात, सभी दोषियों पर हो कार्रवाई
भानु प्रताप शाही ने कहा कि बिष्टुपुर में हुई घटना ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। उनका आरोप है कि पुलिस वाहन के समीप से अपराधी एक युवक को खींचकर ले गए और चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी प्रभावी हस्तक्षेप नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि जितने दोषी हत्या करने वाले अपराधी हैं, उतने ही जिम्मेदार वे पुलिसकर्मी भी हैं जो घटनास्थल पर मौजूद थे।
उन्होंने मांग की कि हत्या के आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी कर स्पीडी ट्रायल चलाया जाए और उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाए। साथ ही, जिन पुलिसकर्मियों की भूमिका सीसीटीवी फुटेज में सामने आती है, उनके खिलाफ भी हत्या का मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाए।
घायल को समय पर मदद नहीं मिलने का आरोप
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि घटना के बाद घायल युवकों को समय पर सुरक्षा और चिकित्सकीय सहायता नहीं मिली। उनका कहना था कि हिमांशु सिंह की मौत के बाद भी घायल प्रत्युष कुमार जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहा है, जो प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है।
“औद्योगिक नगरी को अपराध नगरी बनाया जा रहा”
भानु प्रताप शाही ने कहा कि कभी शांति और सौहार्द के लिए पहचाना जाने वाला जमशेदपुर अब अपराध की घटनाओं से सुर्खियों में है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले कुछ महीनों में हत्या, चाकूबाजी, लूट, चोरी, डकैती और महिलाओं से छिनतई जैसी घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हुई है।
उन्होंने यह भी कहा कि शहर की महिलाएं अब गहने पहनकर बाहर निकलने से डर रही हैं, जो बिगड़ती कानून-व्यवस्था का संकेत है।
पुलिस पर वसूली में व्यस्त रहने का आरोप
भानु प्रताप शाही ने दावा किया कि पुलिस जनता की सुरक्षा के बजाय वाहन जांच के नाम पर वसूली में अधिक व्यस्त है। उन्होंने कहा कि शहर में स्वीकृत पुलिस बल की तुलना में कम जवान कार्यरत हैं और उनमें से बड़ी संख्या ट्रैफिक जांच में लगी रहती है। उनका सुझाव था कि ट्रैफिक निगरानी के लिए सीसीटीवी और ऑनलाइन चालान व्यवस्था का अधिक उपयोग किया जाए ताकि पुलिस अपराध नियंत्रण पर ध्यान दे सके।
उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि यदि सरकार नागरिकों को सुरक्षा नहीं दे सकती तो उसे जवाबदेह होना चाहिए।
तीन महीने के अपराध के आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग
भानु प्रताप शाही ने एसएसपी से पिछले तीन महीनों के दौरान हुई हत्या, लूट, चोरी, डकैती और अन्य आपराधिक घटनाओं का पूरा आंकड़ा सार्वजनिक करने की मांग की। उनका कहना था कि इससे जनता को शहर की वास्तविक कानून-व्यवस्था की स्थिति का पता चल सकेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने जल्द प्रभावी कार्रवाई नहीं की तो भाजपा सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी और जरूरत पड़ने पर जमशेदपुर बंद का भी आह्वान किया जाएगा।
पूर्णिमा साहू बोलीं- सरकार सुरक्षा देने में विफल
जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने कहा कि सरकार की पहली जिम्मेदारी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, लेकिन वर्तमान हालात में कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। उन्होंने कहा कि चापड़बाजी, गोलीबारी, लूट और अन्य अपराधों की बढ़ती घटनाएं चिंता का विषय हैं।
उन्होंने कहा कि कभी क्लीन सिटी, ग्रीन सिटी और पीस सिटी के रूप में पहचाने जाने वाले जमशेदपुर की छवि प्रभावित हो रही है। समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
भाजपा करेगी एसएसपी से मुलाकात
भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने कहा कि पार्टी लगातार कानून-व्यवस्था और अपराध के मुद्दे उठाती रही है। उन्होंने बताया कि बिष्टुपुर हत्याकांड को लेकर भाजपा जल्द ही एसएसपी से मुलाकात कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करेगी।

