
दुमका : झारखंड-बंगाल सीमा पर स्थित टोंगरा थाना क्षेत्र में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां सोमवार की शाम काम से लौट रही एक 20 साल की लड़की के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने वाले तीनों आरोपी पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं।
पीड़िता काफी गरीब परिवार से है। वह सखुआ के पत्तों से बने दोने बेचकर अपने घर का गुजारा करती है। सोमवार को भी वह दोना बेचने के लिए बंगाल के राजनगर इलाके में गई थी। शाम को जब वह काम खत्म करके अपने घर लौट रही थी, तभी सीमा के पास सुनसान रास्ते पर घात लगाए बैठे तीन युवकों ने उसे जबरन रोक लिया। आरोपी उसे खींचकर एक सुनसान जगह पर ले गए और उसके साथ गलत काम किया।
मां की शिकायत पर मामला दर्ज
देर शाम पीड़िता रोती-बिलखती अपने घर पहुंची। उसने अपनी मां को पूरी बात बताई। मां तुरंत बेटी को लेकर टोंगरा थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने वीरभूम (बंगाल) के रहने वाले दीपक राणा, सरवेन सोरेन और एक अन्य अज्ञात युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पीड़िता दो आरोपियों को पहले से पहचानती थी।
पुलिस उपाधीक्षक संदीप भगत ने बताया कि पीड़िता की मेडिकल जांच कराई गई है। थाना प्रभारी गुरुचरण मांझी के नेतृत्व में पुलिस की टीमें आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। तीनों आरोपी फिलहाल फरार हैं, लेकिन उन्हें जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
Read Also : *Jamshedpur News: जमशेदपुर में 7 साल का बच्चा चला रहा था कार, पुलिस पकड़ कर ले गई थाने*

