जमशेदपुर : जमशेदपुर के सोनारी स्थित कुम्हारपाड़ा मुस्लिम बस्ती निवासी मोहम्मद सरफराज उर्फ राजा (40) की रविवार को एक दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। वह पेशे से वेल्डिंग मिस्त्री था और ठेकेदार के तहत काम करता था। यह हादसा उलीडीह ओपी अंतर्गत शंकोसाईं रोड नंबर-4 स्थित आस्था अपार्टमेंट में हुआ। सरफराज कमलजीत सिंह के घर में मेंटेनेस का काम कर रहा था, जहां उसे ग्रिल फिटिंग करनी थी।
अस्पताल से वापस चला गया ठेकेदार
काम के दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह चार तल्ले से नीचे गिर गया। इस दुर्घटना में उसके सिर और पैरों में गंभीर चोट आई। उसे तुरंत ही एमजीएम अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि सरफराज पिछले छह महीनों से ठेकेदार आबिद के साथ काम कर रहा था, लेकिन घटना के समय ठेकेदार मौके पर मौजूद नहीं था। घटना की जानकारी मिलने पर वह अस्पताल पहुंचा, लेकिन इसके बाद वह लौट गया।
एंगल पर पैर रखते ही नीचे आ गिरा सरफराज
मृतक के भाई मोहम्मद अमन ने बताया कि ठेकेदार खुद लापरवाही से काम करने का आरोप सरफराज पर लगा रहा था। अमन के मुताबिक, बालकोनी में लगे एंगल को ठीक से जाम नहीं किया गया था, जिससे सरफराज ने जैसे ही उस पर पैर रखा, वह सीधे नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से पूछताछ की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी गर्भवती है और उनका एक बच्चा भी है। घटना के बाद परिजनों का बुरा हाल है और वे मुआवजे की मांग पर अड़े हुए हैं।

