
जमशेदपुर : बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए चर्चित हत्याकांड में घायल हिमांशु सिंह की मौत के बाद बुधवार तड़के उसके शव का पोस्टमार्टम कराए जाने को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। जिला प्रशासन के निर्देश पर एमजीएम मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में सुबह करीब तीन बजे पोस्टमार्टम कराया गया। हालांकि, इस पूरी प्रक्रिया के दौरान मृतक के परिजनों की अनुपस्थिति ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि उन्हें समय रहते पर्याप्त सूचना नहीं दी गई, जबकि प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए तत्काल कार्रवाई आवश्यक थी।
डीडी बार हत्याकांड में देर रात कराया गया पोस्टमार्टम
जानकारी के अनुसार, हिमांशु सिंह के शव को मंगलवार देर रात टाटा मुख्य अस्पताल से कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच करीब ढाई बजे एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल के पोस्टमार्टम गृह लाया गया। इसके बाद चिकित्सकों की टीम ने निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए रात करीब तीन बजे पोस्टमार्टम पूरा किया। पोस्टमार्टम के बाद शव को सुरक्षित रूप से पोस्टमार्टम गृह में ही रखा गया।
प्रशासन का कहना है कि शहर में बनी संवेदनशील स्थिति और संभावित तनाव को देखते हुए पोस्टमार्टम में देरी करना उचित नहीं था। इसी कारण सक्षम अधिकारियों की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
परिजनों ने सूचना नहीं मिलने का लगाया आरोप
मृतक के परिजन ने पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया कि परिवार के किसी सदस्य की मौजूदगी के बिना यह महत्वपूर्ण कानूनी कार्रवाई पूरी कर दी गई। उनका कहना है कि यदि समय पर सूचना दी जाती तो परिवार का कोई सदस्य अस्पताल पहुंच सकता था। परिजनों ने इसे अपनी भावनाओं के साथ जुड़ा विषय बताते हुए प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
प्रशासन ने कानून-व्यवस्था का दिया हवाला
जिला प्रशासन का पक्ष है कि शहर में घटना के बाद तनावपूर्ण माहौल बना हुआ था। किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से देर रात ही पोस्टमार्टम कराने का निर्णय लिया गया। अधिकारियों के अनुसार पूरी कार्रवाई विधि सम्मत तरीके से और निर्धारित नियमों के अनुरूप कराई गई।
पोस्टमार्टम से पहले परिजनों ने रखी थी यह मांग
हिमांशु सिंह के परिजन पहले ही स्पष्ट कर चुके थे कि जब तक मुख्य आरोपित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं होती और सभी आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे। परिजनों की मांग थी कि मुख्य आरोपित के विरुद्ध सख्त कदम उठाया जाए। इसके बावजूद प्रशासन ने कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम पूरा करा दिया।
वहीं, दूसरी ओर पुलिस द्वारा कई बार बुलाने के बावजूद परिजन पोस्टमार्टम हाउस नहीं पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद भी शव वहीं रखा गया है, क्योंकि परिजनों ने उसे लेने से इनकार कर दिया है। परिवार और करनी सेना का कहना है कि जब तक मुख्य आरोपी का एनकाउंटर नहीं होगा, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
डीडी बार हत्याकांड में अब तक क्या कार्रवाई हुई
बिष्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर हुए हमले में गंभीर रूप से घायल हिमांशु सिंह ने सोमवार देर शाम इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। उनकी मौत के बाद पूरे शहर में आक्रोश का माहौल बन गया। मामले में पुलिस अब तक दो आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, लापरवाही के आरोप में संबंधित थाना प्रभारी सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। इसके अलावा जिले के वरीय पुलिस अधीक्षक को भी उनके पद से हटा दिया गया है। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

