
चाईबासा : स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) के झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित किरीबुरू और मेघाहातुबुरु खनन क्षेत्रों सहित आसपास के रिहायशी इलाकों में पिछले दो दिनों से जंगली हाथियों की लगातार बढ़ती गतिविधियों ने स्थानीय ग्रामीणों, आम जनता और सेल कर्मियों की नींद उड़ा दी है। औद्योगिक और रिहायशी क्षेत्रों में हाथियों के लगातार मंडराते रहने से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग ने अब हाथियों को खदेड़ने और उनकी सटीक लोकेशन का पता लगाने के लिए ड्रोन कैमरे की मदद लेना शुरू कर दिया है।
खदान और फिल्टर प्लांट में घुसे हाथी, कर्मचारियों में मची भगदड़
जानकारी के अनुसार, पहली घटना 29 जून 2026 की रात करीब 11 बजे की है, जब एक हाथी किरीबुरू-हिलटॉप मुख्य मार्ग को पार करते हुए मेघाहातुबुरु खदान के मैकेनिकल शॉवेल सेक्शन में घुस गया। अचानक हाथी को कार्यस्थल पर देखकर वहां नाइट शिफ्ट में काम कर रहे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी ने भागकर अपनी जान बचाई। कुछ देर खदान में मंडराने के बाद हाथी जंगल की ओर लौट गया। इससे पहले इस हाथी को मुर्गापाड़ा क्षेत्र में भी देखा गया था।
अगले दिन 30 जून की सुबह करीब 5:30 बजे इसी हाथी को पुराने मैगजीन घर के पास मुख्य सड़क के किनारे देखा गया। वन कर्मी शंकर पांडेय ने बताया कि हाथी को सुरक्षित तरीके से घने जंगल की ओर खदेड़ने के लिए ड्रोन ऑपरेटर की मदद से उसकी मॉनिटरिंग की जा रही है।
इसी तरह की दूसरी घटना 30 जून को ही दोपहर करीब 12 बजे घटी, जब एक अन्य दंतैल हाथी सेल की किरीबुरू खदान के हिलटॉप स्थित डालमिया (ओडिशा) पानी फिल्टर प्लांट परिसर में घुस गया। हाथी को देखते ही वहां काम कर रहे मजदूरों और कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। हालांकि, हाथी किसी को नुकसान पहुंचाए बिना कुछ देर बाद मुख्य गेट से बाहर निकल गया।
बाल-बाल बची महिला की जान, ग्रामीणों में दहशत
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, फिल्टर प्लांट में घुसने से पहले इसी दंतैल हाथी ने जंगल के किनारे बकरी चरा रही एक स्थानीय महिला को दौड़ा दिया था। जान बचाने के लिए भागने के दौरान महिला जमीन पर गिर भी गई, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और सूझबूझ से सुरक्षित निकलने में सफल रही। इस घटना के बाद से डालमिया क्षेत्र और आसपास के गांवों के लोग खेतों व जंगलों में जाने और अपने दैनिक कार्यों के लिए बाहर निकलने से कतरा रहे हैं।
वन विभाग की अपील : न लगाएं भीड़, न करें उकसाने की कोशिश
वन विभाग की टीम लगातार क्षेत्र में गश्त कर रही है। विभाग ने स्थानीय लोगों और सेल कर्मियों से अपील की है कि हाथियों के करीब जाने या उनकी तस्वीरें या वीडियो लेने की कोशिश कतई न करें। हाथियों को चिढ़ाने, उन पर पत्थर फेंकने या उन्हें उकसाने जैसी हरकतें न करें। किसी भी क्षेत्र में हाथी के दिखने पर तुरंत वन विभाग को सूचित करें। प्रभावित इलाकों में अनावश्यक भीड़ जमा न होने दें और पूरी सावधानी बरतें।

