
Ranchi : केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने शनिवार को पवित्र श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान बालटाल बेस कैंप से लगभग 14.5 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर बाबा बर्फानी की पवित्र गुफा में दर्शन एवं विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने बाबा अमरनाथ से देशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की प्रार्थना की।
दर्शन के बाद संजय सेठ ने यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए की गई सुरक्षा, स्वास्थ्य, आवास, भोजन, यातायात और अन्य सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और चुनौतीपूर्ण मौसम के बावजूद भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों, जम्मू-कश्मीर पुलिस, प्रशासन तथा विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा और सुरक्षा के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
संजय सेठ ने कहा कि भारतीय सेना और सुरक्षा बल पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं, जो राष्ट्रसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है। वहीं सामाजिक और धार्मिक संगठन निस्वार्थ भाव से श्रद्धालुओं की सेवा कर भारतीय संस्कृति की सेवा-परंपरा को मजबूत कर रहे हैं।
उन्होंने अमरनाथ यात्रा के सफल और सुव्यवस्थित संचालन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षा और सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे लाखों श्रद्धालु सुरक्षित और सुगमता के साथ बाबा बर्फानी के दर्शन कर रहे हैं।
संजय सेठ ने कहा कि बाबा अमरनाथ की यह यात्रा उनके जीवन का एक अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव रही। उन्होंने प्रार्थना की कि बाबा बर्फानी का आशीर्वाद सभी देशवासियों पर बना रहे और भारत शांति, समृद्धि, विकास तथा वैभव के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।
Read also – यात्रा वृतांत : कोल्ली हिल्स : पहाड़ सिखाते संस्कृति का नया अर्थ

