
रांची : कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं झारखंड सरकार के पूर्व वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव से शराब घोटाले और उससे जुड़े पैसों के हेरफेर के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ED आज पूछताछ कर रही है। ईडी के बुलावे पर रामेश्वर उरांव तय समय के मुताबिक रांची स्थित ईडी के क्षेत्रीय दफ्तर पहुंचे। वहां शुरुआती कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद जांच अधिकारियों ने उनसे तीखे सवाल-जवाब करना शुरू कर दिया है। ईडी की टीम उनसे इस मामले में हुए पैसों के लेनदेन, जरूरी दस्तावेजों और उनके कारोबारी रिश्तों को लेकर सच उगलवाने की कोशिश कर रही है।
पिता और पुत्र के बयानों का होगा मिलान
मामले में ईडी ने कार्रवाई काफी तेज कर दी है। रामेश्वर उरांव से पहले कल सोमवार 6 जुलाई को जांच एजेंसी ने उनके बेटे रोहित उरांव को बुलाकर घंटों पूछताछ की थी। सूत्रों के मुताबिक, ईडी की टीम अब पिता और पुत्र दोनों के बयानों को आपस में मिलाएगी। इसके अलावा, अधिकारियों के पास मौजूद बैंक खातों की डिटेल्स, डिजिटल सबूतों और अन्य कागजातों से भी इन बयानों को परखा जाएगा, ताकि घोटाले की हर कड़ी को आपस में जोड़ा जा सके।
पहले मांगा था समय, अब होना पड़ा हाजिर
रामेश्वर उरांव को ईडी ने सबसे पहले 30 जून को हाजिर होने का नोटिस भेजा था। लेकिन तब उन्होंने अपने कुछ जरूरी सरकारी और निजी कार्यक्रमों का हवाला देकर जांच एजेंसी से थोड़ा और वक्त मांगा था। ईडी ने उनकी मांग को स्वीकार करते हुए एक हफ्ते की राहत दी थी और 7 जुलाई को हर हाल में पेश होने का आदेश दिया था। इसी निर्देश का पालन करते हुए आज पूर्व मंत्री जांच टीम के सामने पेश हुए।
यह पूरा विवाद साल 2023 से जुड़ा है, जब झारखंड के शराब कारोबार में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी सामने आई थी। इस घोटाले की जांच के दौरान ईडी ने झारखंड के अलग-अलग जिलों में 32 से ज्यादा जगहों पर एक साथ छापेमारी की थी। इसी कार्रवाई के तहत रामेश्वर उरांव के घर की भी तलाशी ली गई थी, जहां से जांच एजेंसी को करीब 30 लाख रुपये कैश मिलने का दावा किया गया था। फिलहाल, ईडी इस बात का पता लगा रही है कि शराब सिंडिकेट के तार कहां-कहां जुड़े हैं। हालांकि, इस पूछताछ को लेकर अभी तक ईडी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
Read Also: Jamshedpur DD Bar Murder : झगड़े के बाद मुख्य हत्यारोपी को फोन कर बुलाया गया, डांस बोर्ड पर ही हुआ था झगड़ा पुलिस ने मैनेजर समेत तीन गिरफ्तार, हथियार और बाइक बरामद

