Home » Ramgarh Crime News : घर पर ही बना रखी थी गन फैक्ट्री, रामगढ़ पुलिस ने दंपती को हथियारों समेत पकड़ा, तीन अर्धनिर्मित पिस्टल बरामद

Ramgarh Crime News : घर पर ही बना रखी थी गन फैक्ट्री, रामगढ़ पुलिस ने दंपती को हथियारों समेत पकड़ा, तीन अर्धनिर्मित पिस्टल बरामद

Jharkhand Hindi News :  तलाशी के दौरान पुलिस ने नौ मैगजीन स्प्रिंग, लेथ मशीन, वेल्डिंग मशीन, अर्धनिर्मित पिस्टल तथा हथियार निर्माण में उपयोग होने वाले कई अन्य उपकरण और सामग्री बरामद की

by Rakesh Pandey
Ramgarh Crime News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रामगढ़ : जिले में अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। भुरकुंडा थाना क्षेत्र के केके कोलियरी (दत्तो कोलियरी) स्थित पंचायत भवन के पीछे संचालित एक कथित अवैध मिनी गन फैक्ट्री का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। छापेमारी के दौरान तीन अर्धनिर्मित पिस्टल, हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाली मशीनें और बड़ी मात्रा में उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस मामले में एक दंपती को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

पुलिस का कहना है कि बरामद सामग्री की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि अवैध रूप से तैयार किए जा रहे हथियार किन लोगों तक पहुंचाए जाते थे और इस नेटवर्क से और कौन-कौन जुड़े हुए हैं।

गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी, घर से मिला हथियार बनाने का सामान

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भुरकुंडा थाना क्षेत्र में दिनेश विश्वकर्मा के घर में अवैध रूप से हथियार तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी की, जिसमें कथित मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा हुआ।

तलाशी के दौरान पुलिस ने तीन अर्धनिर्मित पिस्टल, नौ मैगजीन स्प्रिंग, लेथ मशीन, वेल्डिंग मशीन तथा हथियार निर्माण में उपयोग होने वाले कई अन्य उपकरण और सामग्री बरामद की। बरामद अर्धनिर्मित पिस्टलों पर ‘Made in Japan’ अंकित मिला है। पुलिस इसकी भी जांच कर रही है कि यह अंकन किस उद्देश्य से किया गया था।

दंपती गिरफ्तार, एक अन्य व्यक्ति से भी पूछताछ

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दिनेश विश्वकर्मा और उनकी पत्नी नूतन देवी को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा पुलिस ने सौंदा क्षेत्र से दिनेश विश्वकर्मा के भाई अनिल विश्वकर्मा को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि अवैध हथियार निर्माण का यह नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था, इसमें कितने लोग शामिल थे और तैयार हथियारों की आपूर्ति किन क्षेत्रों में की जाती थी।

स्थानीय लोगों ने दी जानकारी

स्थानीय निवासी फुलेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने दिनेश विश्वकर्मा के घर में छापेमारी कर कई अर्धनिर्मित पिस्टल और हथियार बनाने का सामान जब्त किया है। उन्होंने बताया कि पुलिस सभी बरामद सामग्री अपने साथ ले गई है। उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित परिवार करीब दस वर्षों से इस इलाके में रह रहा था और स्थानीय लोगों की जानकारी के अनुसार वे लोहार का काम करते थे।

पुलिस अधीक्षक ने जांच की पुष्टि की

रामगढ़ के पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि भुरकुंडा थाना क्षेत्र में की गई छापेमारी के दौरान अर्धनिर्मित पिस्टल बरामद हुए हैं और कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच जारी है। वहीं, भुरकुंडा थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि गिरफ्तार दंपती मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के लेसरीगंज क्षेत्र के निवासी हैं। उनके कब्जे से तीन अर्धनिर्मित हथियार और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं।

फोरेंसिक जांच के साथ नेटवर्क की पड़ताल शुरू

पुलिस ने बरामद हथियारों और उपकरणों को जब्त कर लिया है। अब इनकी फोरेंसिक जांच कराई जाएगी, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि अब तक कितने हथियार तैयार किए गए और उनका उपयोग या आपूर्ति कहां की गई। इसके साथ ही पुलिस अवैध हथियार निर्माण से जुड़े संभावित नेटवर्क, खरीद-बिक्री के स्रोत और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Read Also- Giridih News: पुलिस जब छापेमारी करने पहुंची तो अंदर का नजारा देख रह गई, होटल सील, दो जोड़े युवक-युवतियां हिरासत में

Related Articles

Leave a Comment