
Jamshedpur : जमशेदपुर के मानगो स्थित रोड नंबर-15, मरीना सिटी में बुधवार (8 जुलाई 2026) को नवगठित मानगो जन सुविधा समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व समिति के संयोजक पप्पू सिंह ने किया। हाल ही में जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने मानगो क्षेत्र में जनकल्याण से जुड़े कार्यों को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस समिति के गठन की घोषणा की थी।
बैठक में मानगो की प्रमुख जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि क्षेत्र के बड़े नालों की पहचान कर उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित कराने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय किया जाएगा, ताकि जलजमाव और गंदगी की समस्या से लोगों को राहत मिल सके।
इसके अलावा, विधायक एवं सांसद निधि से स्वीकृत उन विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई, जिनकी शुरुआत तो हो चुकी है, लेकिन मानगो नगर निगम के गठन के बाद विभिन्न कारणों से वे अधूरे रह गए हैं। समिति ने तय किया कि नगर निगम के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर इन लंबित परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में मानगो संयोजक पिंटू सिंह, उलीडीह संयोजक विकास साहनी, जदयू उलीडीह अध्यक्ष प्रवीण सिंह, संतोष भगत, शिरीन अख्तर, भवानी सिंह, ममता सिंह, संजय सिंह, संतोष कुमार सिंह, अफसर नवाज, गोपाल सिंह, अरुण श्रीवास्तव, मुन्ना सिंह, संतोष चौहान, संजीव मुखर्जी, अभिनंदन सिंह, गोपी शर्मा, शहाबुद्दीन खान, सोहेल खान, विनय कुमार, बलराम सिंह, वीर सिंह सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

