Home » Ranchi Airport News : रांची एयरपोर्ट पर अब इमरजेंसी में मिलेगी तुरंत मदद, अत्याधुनिक मेडिकल रूम खुला

Ranchi Airport News : रांची एयरपोर्ट पर अब इमरजेंसी में मिलेगी तुरंत मदद, अत्याधुनिक मेडिकल रूम खुला

Jharkhand Hindi News : मेडिकल रूम में प्राथमिक उपचार के साथ आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर इलाज मिल सके।

by Rakesh Pandey
Ranchi airport News
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

रांची : रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर यात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में नई पहल की गई है। एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन में अत्याधुनिक मेडिकल रूम की शुरुआत की गई है, जहां यात्रियों, एयरपोर्ट कर्मचारियों और सुरक्षा बलों को जरूरत पड़ने पर तत्काल प्राथमिक उपचार और आपातकालीन चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस सुविधा का उद्घाटन केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने किया।

केंद्रीय मंत्री संजय सेठ ने कहा- यात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा महत्वपूर्ण

भगवान महावीर मणिपाल अस्पताल, रांची की ओर से स्थापित इस मेडिकल रूम का उद्देश्य एयरपोर्ट पर किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। मेडिकल रूम में प्राथमिक उपचार के साथ आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की गई है, ताकि जरूरतमंद लोगों को समय पर इलाज मिल सके। उद्घाटन के दौरान केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि रांची एयरपोर्ट से प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्रियों का आवागमन होता है। ऐसे में आपात स्थिति में त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होना यात्रियों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है।

एयरपोर्ट पर मिलेगी आपातकालीन चिकित्सा सहायता

मेडिकल रूम के साथ टर्मिनल भवन के बाहर जीवनरक्षक उपकरणों और वेंटिलेटर से सुसज्जित अत्याधुनिक एंबुलेंस भी तैनात की गई है। यह एंबुलेंस प्रतिदिन सुबह सात बजे से अंतिम उड़ान के प्रस्थान तक उपलब्ध रहेगी। इस व्यवस्था से अचानक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर यात्रियों को तुरंत प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा और आवश्यकता पड़ने पर उन्हें अस्पताल तक शीघ्र पहुंचाया जाएगा।

गंभीर मरीजों को जल्द मिलेगा बेहतर इलाज

भगवान महावीर मणिपाल अस्पताल के निदेशक आबिद तौकीर ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। एयरपोर्ट पर शुरू की गई यह सुविधा गंभीर मरीजों को शीघ्र चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के साथ बेहतर उपचार तक तेजी से पहुंच सुनिश्चित करेगी।

एयरपोर्ट विस्तार में जमीन सबसे बड़ी चुनौती : संजय सेठ

पत्रकारों से बातचीत में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के विस्तार में सबसे बड़ी बाधा भूमि की उपलब्धता है। उन्होंने कहा कि यदि आवश्यक जमीन उपलब्ध हो जाती है तो रनवे विस्तार, कैट-टू लाइटिंग प्रणाली और पार्किंग क्षमता बढ़ाने जैसे कार्यों में तेजी आएगी। उन्होंने बताया कि टर्मिनल भवन के जांच क्षेत्र के विस्तार का कार्य जारी है, जिसे दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

विमानों की संख्या घटने पर भी दिया स्पष्टीकरण

संजय सेठ ने रांची से उड़ानों की संख्या में आई कमी पर कहा कि मध्य पूर्व क्षेत्र में उत्पन्न परिस्थितियों के कारण यह अस्थायी प्रभाव है। उन्होंने कहा कि विमानन कंपनियां नए विमान खरीद रही हैं और आने वाले समय में रांची से उड़ानों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।

Read Also- Ranchi News : कलम की रफ्तार से रचा इतिहास! डॉ. मेधा रानी ने 120 मिनट में लिखे 120 पन्ने, बना विश्व रिकॉर्ड

Related Articles

Leave a Comment