
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ की प्रबंधन समिति की चौथी बैठक संघ के अध्यक्ष मुकुंद रुंगटा की अध्यक्षता में बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम मैदान के एसआर रुंगटा पैविलियन में सम्पन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से सितंबर माह के तीसरे सप्ताह में आईपीएल एवं हाल ही में सम्पन्न हुए झारखण्ड टी-20 लीग की तर्ज पर पश्चिमी सिंहभूम टी-20 लीग के आयोजन को मंजूरी प्रदान की गई। इस लीग में कुल छः फ्रेंचाइजीस की टीमें शामिल होंगी। इस प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ स्टेक स्पोर्ट्स जी के साथ जल्द करार करनेवाला है। स्टेक स्पोर्ट्स जी के प्रतिनिधियों ने रविवार को प्रबंधन समिति के समक्ष प० सिंहभूम टी-20 लीग का पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया।
10 दिनों तक चलनेवाले इस प्रतियोगिता में कुल 18 मैच खेले जाएंगे
पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि 10 दिनों तक चलनेवाले इस प्रतियोगिता में कुल 18 मैच खेले जाएंगे। ओपन लीग आधार पर सभी टीमें एक दूसरे के विरुद्ध खेलेगी। कुल 15 लीग मैचों की समाप्ति के बाद अंक तालिका में शीर्ष पर रहनेवाली चार टीमें सेमीफाईनल के लिए क्वालीफाई करेगी। इस प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ से निबंधित खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। पश्चिमी सिंहभूम के अलावे आइकॉनिक खिलाड़ी के रूप में झारखण्ड के कुछ नामी खिलाड़ी को भी खेलने के लिए आमंत्रित किया जाएगा ताकि प्रतियोगिता में कड़ी प्रतिस्पर्धा बनी रहे और पश्चिमी सिंहभूम के खिलाड़ियों को भी अच्छे खिलाड़ी के साथ खेलने का अवसर मिले। छः टीमों के बिडिंग के बाद खिलाड़ियों की निलामी की प्रक्रिया शुरू होगी जिसका सीधा प्रसारण किया जाएगा। महासचिव ने बताया कि इवेंट मैनेजमेंट की जिम्मेदारी लेने वाली फर्म के साथ एकरारनामा होने के बाद विस्तृत जानकारी उपलब्ध करा दी जाएगी।

