Home » Seraikela News : नदी में नहाने गए शिक्षक का शव मिला, जांच में जुटी पुलिस

Seraikela News : नदी में नहाने गए शिक्षक का शव मिला, जांच में जुटी पुलिस

Seraikela News : जीतन महतो अपने दो भाइयों में बड़े थे और घर के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और एक चार साल का मासूम बेटा है।

by Mujtaba Haider Rizvi
palamu murder
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Seraikela : सरायकेला थाना क्षेत्र के चमारू-कोलबीरा ब्रिज के नीचे नदी से एक निजी स्कूल के शिक्षक का शव बरामद किया गया है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान लुआगड़ धतकीड़ीह निवासी 32 वर्ष जीतन महतो के रूप में हुई है, जो मिरुडीह के एक स्कूल में पढ़ाते थे। आशंका जताई जा रही है कि नदी में डूबने के कारण उनकी जान गई है।

शादी समारोह से हुए थे लापता

परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, जीतन महतो शनिवार शाम करीब 6 बजे माणिक बाजार में एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में उनके साथ तीन अन्य दोस्त भी मौजूद थे। समारोह के बाद जब वे देर रात तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की, लेकिन उनका कहीं कुछ पता नहीं चला।

नदी में तैरता मिला शव

अगले दिन रविवार सुबह करीब 11 बजे स्थानीय लोगों ने चमारू-कोलबीरा पुल के नीचे नदी में एक शव तैरता हुआ देखा। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और मृतक के परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान जीतन महतो के रूप में की। प्रारंभिक जांच में मौत की वजह डूबना माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चलेगा।

परिवार में पसरा मातम

जीतन महतो अपने दो भाइयों में बड़े थे और घर के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और एक चार साल का मासूम बेटा है। इस असमय हादसे के बाद से पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

पुलिस जांच में जुटी

घटना की जानकारी मिलते ही सरायकेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की बारीकी से जांच कर रहे हैं। शादी में उनके साथ गए तीनों दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है ताकि मौत की सही कड़ियों को जोड़ा जा सके।

Read Also: Saraikela Crime: सरायकेला में शराब पार्टी के दौरान फायरिंग, शातिर अपराधी ‘गोल्डन’ ने साथी को मारी गोली, फरार

Related Articles

Leave a Comment