
Saraikela Crime: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र स्थित तामोलिया में गोविंद विद्यालय के पास शराब पार्टी के दौरान हुए आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवाद के बीच एक युवक को गोली मार दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि आपराधिक मामलों में संलिप्त और तीन बार जेल जा चुका शातिर अपराधी ‘गोल्डन’ अपने कुछ साथियों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर गोल्डन ने अपने ही साथी पर गोली चला दी। गोली युवक के पैर में लगी, जिससे वह मौके पर ही घायल होकर गिर पड़ा।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गोल्डन मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि युवक के पैर में गोली लगी है और उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

