Home » Saraikela News: कपाली ओपी पुलिस पर आदिवासी युवती से मारपीट का आरोप, पूछताछ के लिए बुलाकर बंद कमरे में पीटने का दावा

Saraikela News: कपाली ओपी पुलिस पर आदिवासी युवती से मारपीट का आरोप, पूछताछ के लिए बुलाकर बंद कमरे में पीटने का दावा

by Mujtaba Haider Rizvi
Kapali Police Assault Allegation
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Seraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी पुलिस पर एक आदिवासी युवती ने गंभीर आरोप लगाए हैं। चांडिल थाना क्षेत्र के कांदरबेड़ा पुनर्वास कॉलोनी निवासी अल्पना माहली ने दावा किया है कि लापता युवती के मामले में पूछताछ के लिए कपाली ओपी बुलाए जाने के बाद पुलिसकर्मियों ने उसके साथ बंद कमरे में मारपीट की।

अल्पना माहली के अनुसार, 15 जून की शाम उसे फोन कर कपाली ओपी बुलाया गया था। वहां पहुंचने पर पुलिस ने उसकी सहेली के संबंध में पूछताछ की। युवती का आरोप है कि पूछताछ के दौरान उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। उसने यह भी दावा किया कि उस समय ओपी प्रभारी भी मौके पर मौजूद थे।

पीड़िता का कहना है कि उसकी सहेली पिछले कुछ दिनों से लापता है। पुलिस को संदेह है कि अल्पना को उसके बारे में जानकारी हो सकती है। इसी आधार पर उसे पूछताछ के लिए बुलाया गया था।

अल्पना ने बताया कि वर्ष 2018 में सिंहभूम कॉलेज, चांडिल में उसकी सहेली से दोस्ती हुई थी। वर्ष 2019 में दोनों घर छोड़कर चली गई थीं, लेकिन बाद में परिजन उन्हें वापस ले आए थे। वर्ष 2021 में भी दोनों एक बार फिर घर से चली गई थीं, हालांकि पांच दिनों के भीतर दोनों को वापस घर लाया गया था।

युवती का कहना है कि इस बार सहेली अकेले लापता हुई है, लेकिन पुलिस को लगता है कि उसके पास तस्कीन के ठिकाने से जुड़ी जानकारी है। इसी वजह से उससे पूछताछ की जा रही थी।

अल्पना माहली ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह कुछ समय के लिए बेहोश भी हो गई थी। उसका दावा है कि बाद में पुलिसकर्मियों ने ही उसे पानी पिलाकर होश में लाया और दर्द कम करने के लिए दवा भी दी।

घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि समाचार लिखे जाने तक कपाली पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

फिलहाल, युवती के लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

Read Also: सरायकेला-खरसावां में अवैध कोयला परिवहन पर बड़ी कार्रवाई, चार ट्रक जब्त; प्रशासन ने दिखाई सख्ती 

Related Articles