Jamshedpur : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित भालूबासा में हुए जानलेवा हमले में गंभीर रूप से घायल मानगो निवासी 35 वर्षीय मोहम्मद मुमताज की शुक्रवार सुबह रांची के रिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। चेपा पुल पर घंटों टायर जला कर प्रदर्शन हुआ। इसके बाद आक्रोशित लोग मानगो चौक पर पहुंच गए। यहां भी देर रात तक प्रदर्शन जारी रहा। बाद में सिटी एसपी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और इस केस में कड़ी कार्रवाई का भरोसा परिजनों को दिलाया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
अब केस में जोड़ी जाएगी हत्या की धारा

पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को बताया है कि इस मामले के दो आरोपी राहुल मुखी और राजू मुखी ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। एक आरोपी का पता लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। सीडीआर निकाला जा रहा है। जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। परिजनों की मांग है कि इस मामले में मॉब लिंचिंग की धारा लगाई जाए। इस पर पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को बताया कि अभी ऐसे कोई सुबूत नहीं मिले हैं जिससे लगे कि यह घटना मॉब लिंचिंग की है। पुलिस मामले की तहकीकात कर रही है। अगर, जांच में ऐसी कोई बात सामने आई तो केस में यह धारा भी जोड़ी जाएगी। मुमताज पर चापड़ से हमले के बाद पुलिस ने सीतारामडेरा थाना में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया था। अब मुमताज की मौत के बाद केस में हत्या की धारा भी जोड़ दी जाएगी।
15 लाख रुपए मुआवजे की मांग

परिजन आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठा रहे हैं। यही नहीं प्रदर्शन में शामिल जदयू के नेता आफताब सिद्दीकी ने मांग की है कि मृतक के परिजनों को 15 लाख रुपए का मुआवजा दिया जाए। उन्होंने कहा कि सांसद, विधायक, मेयर आदि सभी जनप्रतिनिधि मिल कर परिजनों से मुआवजा दिलवाएं।
जानकारी के अनुसार हमले के बाद मोहम्मद मुमताज को पहले जमशेदपुर के टीएमएच अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया था। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
शव लेकर एंबुलेंस के पहुंचते ही शुरू हो गया प्रदर्शन

शुक्रवार शाम शव के जमशेदपुर पहुंचते ही चेपापुल इलाके में परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। एंबुलेंस के साथ सड़क पर उतरकर लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पहुंची पुलिस ने हालात संभालने की कोशिश की, लेकिन महिलाओं समेत परिजनों का आक्रोश देर तक जारी रहा। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान कई युवकों ने मोहम्मद मुमताज के सिर पर भारी वस्तु और धारदार हथियार से हमला किया था।
घटना के बाद इलाके में दहशत

घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।इधर दूसरी घटना में भुइयांडीह इलाके में मानगो के एक युवक के साथ मारपीट की गई। इसके विरोध में भी मानगो के लोगों ने मानगो चौक पर हंगामा किया और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की। कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

