
खूंटी : खूंटी पुलिस ने उग्रवाद के खिलाफ अभियान में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) के एक मोस्ट वांटेड और सक्रिय सदस्य 42 वर्ष रोजदेव साहू को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को इलाके में ‘रोजदेव साव’ और ‘मास्टर’ के नाम से भी जाना जाता है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर एक देसी पिस्टल और छह जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।
खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 11 जुलाई को पुलिस को एक पक्की सूचना मिली थी कि लंबे समय से फरार चल रहा कुख्यात उग्रवादी रोजदेव साहू इस वक्त अपने पैतृक गांव महरसिया में छिपा हुआ है।
ऐसे चली गिरफ्तारी की कार्रवाई
सूचना मिलते ही तोरपा के एसडीपीओ (SDPO) विजय कुमार सिंह की अगुवाई में एक स्पेशल टास्क फोर्स (छापेमारी दल) तैयार की गई। पुलिस टीम ने पूरी योजना के साथ महरसिया गांव में आरोपी के घर पर दबिश दी और उसे दबोच लिया। जब पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने हथियार छिपाने की बात कबूल की। इसके बाद उसकी बताई जगह से एक अवैध देसी पिस्टल और छह कारतूस बरामद किए गए। हथियार मिलने के बाद पुलिस अब उस पर आर्म्स एक्ट के तहत भी नया केस दर्ज कर कार्रवाई कर रही है।
सात से ज्यादा संगीन मामले हैं दर्ज
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी पीएलएफआई का बेहद सक्रिय मेंबर है और काफी समय से कानून की नजरों से बचकर भाग रहा था। साल 2017 से लेकर अब तक उसके खिलाफ तोरपा, कर्रा और मुरहू थानों में सात से ज्यादा गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या की कोशिश, सरेआम फायरिंग करना, व्यापारियों और लोगों से रंगदारी (लेवी) वसूलना,अवैध हथियार रखना (आर्म्स एक्ट) जैसे संगीन मामले शामिल हैं।प्रेस वार्ता के दौरान एसपी ऋषभ गर्ग ने साफ शब्दों में कहा कि खूंटी जिला पुलिस क्षेत्र में उग्रवाद और जरायम पेशा लोगों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही है। किसी भी अपराधी या उग्रवादी को कतई बख्शा नहीं जाएगा और आने वाले दिनों में भी इस तरह के सख्त अभियान जारी रहेंगे।
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में तोरपा के एसडीपीओ विजय कुमार सिंह के साथ तोरपा और कर्रा थाना के प्रभारी, कई पुलिस अफसर और सशस्त्र बल के जवान मुख्य रूप से शामिल थे।
Read Also: Khunti Road Accident : रफ्तार बनी काल! खूंटी में बाइक की जोरदार टक्कर, तीन लोगों की मौत

