
पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत चैनपुर थाना क्षेत्र में शनिवार को रात में दो अलग-अलग घटना में एक युवती और एक युवक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या का प्रयास किया। दोनों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया।
पहली घटना सलतुआ गांव की है। यहां विजय सिंह की 20 वर्षीय पुत्री पूर्णिमा कुमारी ने मानसिक तनाव में आकर जहरीला पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल एमएमसीएच लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद भी उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया।
दूसरी घटना शाहपुर की है, जहां प्रयाग साव के पुत्र छोटू कुमार ने घर में हुए विवाद के बाद गुस्से में जहरीला पदार्थ खा लिया। परिजन उसे भी इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सकों के उपचार के बाद उसकी स्थिति में सुधार है और वह फिलहाल खतरे से बाहर बताया जा रहा है। दोनों घटनाओं को लेकर लोग तरह तरह की चर्चा कर रहे हैं। कुछ लोग दोनों घटनाओं के बीच संपर्क होने का कयास लगा रहे हैं। हालांकि इस बार में कितनी सच्चाई है, यह तो समय आने पर पता चलेगा।

