
रांची: जय जगन्नाथ एवं हरे कृष्णा के जयघोष से राजधानी रांची गूंज उठी। ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर परिसर में गुरुवार को भगवान का रथ खींचने के लिए श्रद्धालुओं में होड़ मची रही। पूरे क्षेत्र में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। रथ की रस्सी छूकर लोग अपने को धन्य मान रहे थे।
गुरुवार सुबह से ही पूरा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ से पट गया था। हर तरफ ‘जय जगन्नाथ’ के जयकारे गूंज रहे थे। रथयात्रा को लेकर लोगों में गजब का उत्साह देखा गया। सुबह जैसे ही मंदिर के कपाट खुले, भगवान के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतार लग गई। बच्चे,बुजुर्ग,महिलाएं और युवा सभी भगवान की एक झलक पाने के लिए घंटों इंतजार करते दिखे।
राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने की महाप्रभु की पूजा अर्चना
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ऐतिहासिक जगन्नाथपुर मंदिर रथयात्रा महोत्सव में शामिल हुए। राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने महाप्रभु जगन्नाथ, बहन सुभद्रा एवं भाई बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना कर समस्त झारखंडवासियों की सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली एवं उन्नति की कामना की।
मुख्यमंत्री ने पारंपरिक विधि-विधान और श्रद्धा के साथ भगवान जगन्नाथ के रथ की रस्सी खींचकर रथयात्रा का शुभारंभ किया तथा ‘जय जय जगन्नाथ’ के जयकारे लगाए। मुख्यमंत्री के साथ आस्था एवं भक्ति के समागम में शामिल हजारों श्रद्धालुओं ने भी ‘जय-जय जगन्नाथ’ के जयकारे लगाए।

रथयात्रा की शुरुआत से पहले मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई और भगवान विष्णु के हजार नामों (श्री विष्णुसहस्त्रनाम) का पाठ किया गया। इसके बाद हुई महाआरती में पूरा माहौल भक्ति के रंग में डूब गया।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मेले और रथयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो तथा भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम कर रखा था। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग कतारें बनाई गईं। पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी सीसीटीवी कैमरों से की जा रही है। सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल, महिला कर्मी और वॉलंटियर्स को तैनात किया गया है।
धुर्वा जगन्नाथपुर में रथयात्रा की तैयारी पूरी कर ली गई है। आज 16 जुलाई को शाम पांच बजे रथयात्रा शुरू हो जाएगी। भगवान जगन्नाथ अपने भाई बलभद्र और बहन सुभद्रा के साथ भव्य रथ पर सवार होकर मौसीबाड़ी (गुंडिचा मंदिर) के लिए प्रस्थान करेंगे। उधर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने इस पावन अवसर राज्य के लोगों को रथयात्रा की शुभकामनाएं दी हैं।

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए भगवान जगन्नाथ से राज्य में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
राज्यपाल ने गुरुवार को सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर जारी अपने संदेश में कहा कि भगवान श्री जगन्नाथ की पावन रथ यात्रा के शुभ अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कामना की कि महाप्रभु जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा की कृपा से सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि तथा उत्तम स्वास्थ्य का संचार हो।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि महाप्रभु श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और माता सुभद्रा की कृपा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लेकर आए। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा का यह पावन पर्व सेवा, समरसता, आस्था और मानवता के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने रथ यात्रा को सामाजिक एकता, आपसी सौहार्द और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बताते हुए सभी के मंगलमय जीवन की कामना की।
गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने भी झारखंडवासियों को भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा की शुभकामनाएं दीं। प्रभु जगन्नाथ से राज्य के प्रत्येक परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली का आशीर्वाद बनाए रखने की प्रार्थना की।
रथयात्रा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच गए हैं। धुर्वा में आस्था का सैलाब उमड़ा है। जगन्नाथपुर मेला पूरी तरह सज-धजकर तैयार है। मेले में बच्चों के लिए एक से बढ़कर एक झूले लगाए गए हैं। बिहार, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़ और झारखंड के विभिन्न जिलों से व्यापारी दुकान सजा चुके हैं।
तोरणद्वार निर्माण कराने की घोषणा
रथयात्रा के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जगन्नाथपुर मंदिर की भव्यता को और बड़ी पहचान दिलाई जाएगी। इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल को पर्यटन के मानचित्र पर और मजबूती से स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रांची के धुर्वा स्थित जगन्नाथ मंदिर की दूर से ही पहचान हो, इसके लिए राज्य सरकार द्वारा मंदिर को जोड़ने वाली सड़क पर भव्य तोरणद्वार का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि रथयात्रा महोत्सव का पूरे साल श्रद्धालुओं द्वारा इंतजार किया जाता है। आज यहां श्रद्धालुओं की उपस्थिति जगन्नाथपुर मंदिर की दिव्यता, भव्यता और आकर्षण को स्पष्ट करता है। आने वाले समय में यह रथयात्रा मेला को और सफल तथा प्रभावी बनाया जाएगा।
Read Also- Jamshedpur News: जादूगोड़ा में 452 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल भी जब्त

