
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ पुराने विवाद में कुशनुपुर गाँव में सिर पर डंडे से पीट-पीट कर 50 वर्षीय व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के 20 दिनों के भीतर दोनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, वारदात में इस्तेमाल किया गया डंडा भी बरामद कर लिया गया है।
पुराने घर में मिला था शव
यह वारदात बीते 26 जून की है। पुलिस को स्थानीय ग्रामीण मुंडा के माध्यम से सूचना मिली थी कि कुशनुपुर के मुंडासाई टोला स्थित एक पुराने घर में एक व्यक्ति का लहुलुहान शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही मझगांव थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जिससे साफ था कि उन पर जानलेवा हमला किया गया था।मृतक की पहचान एयर 50 वर्ष मार्सल पिंगुवा पिता स्वर्गीय सोवन पिंगुवा मुंडासाई टोला, कुशनुपुर) के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया था।
एसपी के निर्देश पर बनी टीम, मिली सफलता
घटना के बाद मृतक के चचेरे बेटे चमन प्रकाश पाट पिंगुवा (24 वर्ष) की शिकायत पर मझगांव थाने में कांड संख्या 16/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी अमित रेणु के कड़े निर्देश पर एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने वैज्ञानिक और व्यावहारिक अनुसंधान करते हुए 16 जुलाई को दोनों आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त डंडा भी ज़ब्त कर लिया गया। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा रहा है।
सराहनीय रही पुलिस टीम की भूमिका
इस पूरे हत्याकांड का खुलासा करने और आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुँचाने में मझगांव थाना प्रभारी धीरज कुमार यादव , गादीं सुंडी, सुभाष दास और मझगांव थाने के सशस्त्र बल के जवानों की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब मामले के अन्य पहलुओं की भी बारीकी से जाँच कर रही है।

