Home » Jamshedpur News: उलीडीह-मानगो में 12 दुकानों में चोरी का खुलासा, चार शातिर गिरफ्तार, चोरी का सामान और औजार बरामद

Jamshedpur News: उलीडीह-मानगो में 12 दुकानों में चोरी का खुलासा, चार शातिर गिरफ्तार, चोरी का सामान और औजार बरामद

by Mujtaba Haider Rizvi
mango shops
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : उलीडीह ओपी और मानगो थाना क्षेत्र में लगातार दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल किए गए औजार भी बरामद किए गए हैं।

पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार ने बताया कि हाल ही में उलीडीह और मानगो इलाके में कई दुकानों के ताले तोड़कर नकदी और सामान चोरी किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए उनके नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने उलीडीह और मानगो थाना क्षेत्र की कुल 12 दुकानों में चोरी करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, उलीडीह क्षेत्र में जगदंबा होटल के पास स्थित गुप्ता इलेक्ट्रिक, आटा चक्की, फल दुकान, सुमन स्टोर समेत कई प्रतिष्ठानों को निशाना बनाया गया था। वहीं मानगो थाना क्षेत्र में वैभव लक्ष्मी मेडिकल, शिव स्टोर, गीतांजलि स्टोर सहित अन्य दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की गई थी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकदर सामद, गौतम हेम्ब्रम उर्फ डाडू, विक्की मुखी और शंकर हेम्ब्रम के रूप में हुई है। सभी आरोपी उलीडीह थाना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि शंकर हेम्ब्रम का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2023 में उलीडीह ओपी और वर्ष 2025 में बोड़ाम थाना में चोरी के मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई एक सिलाई मशीन के अलावा ताला और शटर तोड़ने में इस्तेमाल होने वाले औजार भी बरामद किए हैं। इनमें चैन पुली, लोहे का चापड़ और लोहे का साबल शामिल हैं।

इस कार्रवाई में डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में उलीडीह ओपी प्रभारी मो. शारिक अली, विजय कुमार, रविंद्र पांडेय, विवेक पाल, आरक्षी मो. एकबाल, हवलदार रकीब अहमद खान तथा आरक्षी भीम राम महतो सहित पुलिस टीम के अन्य जवान शामिल रहे। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Read also Jamshedpur News: जादूगोड़ा में 452 ग्राम गांजा के साथ तस्कर गिरफ्तार, बाइक और मोबाइल भी जब्त

Related Articles