
रांची : ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायतीराज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि महिलाओं का आर्थिक सशक्तीकरण राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण आजीविका मिशन, कौशल विकास कार्यक्रमों और विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उन्हें स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत होंगी, तभी परिवार, समाज और राज्य का समग्र विकास संभव होगा। शुक्रवार को रांची में जेसीआई रांची उड़ान द्वारा आयोजित ग्लिट्ज एंड ग्लैम प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने महिला उद्यमियों द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने उद्यमियों से बातचीत कर उनके उत्पादों, नवाचारों, व्यवसाय की चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी ली।
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि यह प्रदर्शनी केवल उत्पादों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि महिलाओं की प्रतिभा, आत्मविश्वास और उद्यमशीलता का सशक्त मंच भी है। आभूषण, परिधान, गृह सज्जा, हस्तशिल्प और अन्य स्थानीय उत्पादों के माध्यम से महिला उद्यमियों ने अपनी रचनात्मकता और व्यावसायिक क्षमता का उत्कृष्ट परिचय दिया है। ऐसे आयोजनों से स्थानीय उत्पादों को नया बाजार मिलता है और महिला उद्यमियों को अपने व्यवसाय का विस्तार करने का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि झारखंड में बड़ी संख्या में महिलाएं स्वयं सहायता समूहों और छोटे उद्यमों के माध्यम से अपनी अलग पहचान बना रही हैं। सरकार का प्रयास है कि इन महिलाओं को प्रशिक्षण, विपणन, वित्तीय सहायता और बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाए, ताकि वे अपने उत्पादों को राज्य ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान दिला सकें।
मंत्री ने विश्वास जताया कि इस प्रकार की प्रदर्शनियां नई पीढ़ी की महिलाओं को उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी और राज्य में रोजगार सृजन के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने आयोजन के सफल संचालन के लिए जेसीआई रांची उड़ान की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि ऐसी पहल आत्मनिर्भर झारखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। कार्यक्रम में संस्था की अध्यक्ष डॉ. प्रिया लखोटिया, सचिव पूजा बुधिया, संस्थापक अध्यक्ष राखी जैन सहित संस्था के पदाधिकारी, महिला उद्यमी और बड़ी संख्या में गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
Read Also- Ranchi News : म्यूटेशन और राजस्व अभिलेखों की गड़बड़ी पर हाईकोर्ट सख्त, ACB जांच शुरू करने की मंजूरी

