
चाईबासा : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC), रांची के तत्वावधान में आगामी 19 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल, पारदर्शी और कदाचारमुक्त संचालन के लिए पश्चिमी सिंहभूम जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। शुक्रवार को कोल्हान विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेणु की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय ब्रीफिंग बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्र अधीक्षकों और जिला स्तरीय अधिकारियों को परीक्षा से जुड़े कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।
3 पालियों में होगी परीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में परीक्षा के लिए कुल 27 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 19 केंद्र चाईबासा और 8 केंद्र चक्रधरपुर क्षेत्र में स्थापित हैं, जहां कुल 10,396 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा का समय और प्रवेश नियम
यह परीक्षा तीन पालियों में आयोजित की जाएगी। इसके लिए समय-सारणी इस प्रकार तय की गई है।
पाली परीक्षा प्रारंभ होने का समय प्रवेश का निर्धारित समय
प्रथम पाली सुबह 08:30 बजे सुबह 07:00 बजे से 08:00 बजे तक द्वितीय पाली पूर्वाह्न 11:30 बजे | सुबह 07:00 बजे से 08:00 बजे तक तृतीय पाली अपराह्न 03:30 बजे दोपहर 02:00 बजे से 03:00 बजे तक।
महत्वपूर्ण निर्देश
निर्धारित समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी परिस्थिति में किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र के अंदर प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सघन जांच और मूलभूत सुविधाओं पर विशेष जोर
ब्रीफिंग के दौरान उपायुक्त मनीष कुमार ने स्पष्ट किया कि अभ्यर्थियों के भविष्य को देखते हुए परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन शारीरिक जांच, पहचान सत्यापन और बायोमेट्रिक उपस्थिति कड़ाई से पूरी की जाए।
सभी केंद्रों पर पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बिजली आपूर्ति, मेडिकल टीम, एम्बुलेंस और अग्निशमन सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं
किसी भी प्रकार की तकनीकी या अन्य समस्या होने पर तुरंत जिला नियंत्रण कक्ष को सूचित किया जाए।नियमों की अनदेखी या किसी भी स्तर पर लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी समय से पहले अपने केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्था जांच लें।
गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई : एसपी
पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस बल को अलर्ट मोड पर रहने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहें और भीड़ प्रबंधन व यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चले। एसपी
ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि परीक्षा में किसी भी तरह के कदाचार, अनुचित साधनों के प्रयोग या इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स के अवैध इस्तेमाल पर संलिप्त पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ या असामाजिक तत्वों को इकट्ठा नहीं होने दिया जाएगा।
जिला प्रशासन की अभ्यर्थियों से अपील
जिला प्रशासन ने परीक्षा में शामिल होने वाले सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा के दिन अपने प्रवेश पत्र और आयोग द्वारा निर्धारित वैध पहचान पत्र के साथ तय समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचें। अभ्यर्थी किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री साथ न लाएं और शांतिपूर्ण परीक्षा संचालन में प्रशासन का सहयोग करें।

