
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिला युवा कांग्रेस कमेटी ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को राष्ट्रपति के नाम उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में सौंपे गए इस ज्ञापन में छात्रों पर लाठीचार्ज और बल प्रयोग की निंदा करते हुए दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांग रख रहे छात्रों के साथ पुलिस द्वारा लाठीचार्ज, धक्का-मुक्की और बल प्रयोग किया गया, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। संगठन का कहना है कि छात्रों को अपनी बात शांतिपूर्वक रखने का संवैधानिक अधिकार है और उनकी समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से होना चाहिए, न कि दमनात्मक कार्रवाई से।
जिला अध्यक्ष ने कहा कि हाल के वर्षों में नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाओं ने करोड़ों छात्रों का भविष्य प्रभावित किया है। वर्षों की मेहनत के बाद भी छात्रों का परीक्षा प्रणाली से भरोसा कमजोर हुआ है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं से कई छात्र मानसिक तनाव में आए और कुछ ने आत्महत्या जैसा कदम भी उठाया, जो बेहद गंभीर और चिंताजनक स्थिति है।
ज्ञापन में राष्ट्रपति से मांग की गई कि नीट सहित सभी पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और जवाबदेह बनाने के लिए स्थायी व्यवस्था लागू की जाए।
युवा कांग्रेस ने छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने, भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने तथा परीक्षा प्रबंधन में हुई चूक की नैतिक जिम्मेदारी तय करने की भी मांग की। संगठन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने और छात्रों पर हुई कार्रवाई की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इस्तीफे की मांग भी दोहराई।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आशुतोष सिंह, संजीव राजन, रविंद्र मौर्या, बिरेंद्र तिवारी, राज किशोर, रविंद्र कुमार झा, राजेश कुमार, निखिल तिवारी सहित युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

