
Jamshedpur : राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन, पूर्वी सिंहभूम के जिला अध्यक्ष राकेश साहू के नेतृत्व में शुक्रवार को जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने की प्रक्रिया को सरल बनाने तथा तेली समाज की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम संबोधित ज्ञापन उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को सौंपा गया।
कार्यक्रम में महासंगठन के मुख्य संरक्षक रंगनाथ प्रसाद, चंद्रिका प्रसाद, विदेशी साव, शोभा साहू और सत्यदेव प्रसाद सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।
वर्तमान व्यवस्था पर जताई नाराजगी
जिला अध्यक्ष राकेश साहू ने कहा कि वर्तमान व्यवस्था के कारण ओबीसी एवं ईबीसी वर्ग में शामिल तेली समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र बनवाने में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों की वास्तविक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए शीघ्र निर्णय ले, ताकि समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र आसानी से मिल सके और वे सरकारी योजनाओं का लाभ बिना किसी बाधा के प्राप्त कर सकें।
पुराने प्रमाण पत्र को बनाया जाए आधार
ज्ञापन में कहा गया कि पहले परिवार के किसी एक सदस्य के जाति प्रमाण पत्र के आधार पर अन्य सदस्यों का प्रमाण पत्र आसानी से बन जाता था, लेकिन अब इस व्यवस्था को मान्यता नहीं दी जा रही है। साथ ही अधिकांश पुराने खतियान और डीड में जाति का उल्लेख नहीं होने से आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में लोगों को परेशानी हो रही है।
शहरी और ग्रामीण परिवारों की समस्याएं रखीं
महासंगठन ने कहा कि जमशेदपुर सहित शहरी क्षेत्रों में बड़ी संख्या में परिवार टाटा स्टील, सरकारी अथवा लीज की जमीन पर रहते हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में भी कई परिवारों के पास अपना खतियान नहीं है और वे किराये के मकानों में निवास करते हैं। ऐसे परिवार जाति प्रमाण पत्र नहीं बनवा पाने के कारण छात्रवृत्ति, आरक्षण और सरकारी नौकरियों जैसी योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं।
सरकार के समक्ष रखीं प्रमुख मांगें
संगठन ने मांग की कि परिवार के पूर्व में जारी जाति प्रमाण पत्र को नए प्रमाण पत्र के लिए आधार बनाया जाए। जिन परिवारों के पास खतियान नहीं है, उनके लिए आधार कार्ड और समाज की अनुशंसा को पर्याप्त माना जाए। टाटा स्टील की भूमि पर रहने वाले परिवारों अथवा भारतीय राष्ट्रीय तेली साहू महासंगठन की अनुशंसा पर भी जाति प्रमाण पत्र जारी किया जाए।
इसके अलावा पिता की सर्विस बुक, पेंशन रिकॉर्ड, मतदाता सूची और स्कूल प्रमाण पत्र में दर्ज तेली जाति को भी साक्ष्य के रूप में स्वीकार करने तथा सभी अंचलों में विशेष शिविर लगाकर 15 दिनों के भीतर लंबित आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करने की मांग की गई।
बड़ी संख्या में समाज के लोग रहे मौजूद
प्रदर्शन में जिला महामंत्री अशोक साहू, जिला कोषाध्यक्ष सुरेश कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष शिवलोचन साव उर्फ राहुल, वरीय उपाध्यक्ष रणजीत कुमार साव, आनंद गुप्ता, वीरेंद्र साहू, उपेंद्र साहू, मनोज साहू, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष गौतम साहू, महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष पूजा साहू सहित सैकड़ों की संख्या में तेली साहू समाज के लोग शामिल हुए।

