
रांची : झारखंड राज्य अनुबंध कर्मचारी महासंघ ने नियुक्ति परीक्षाओं में कथित धांधली के खिलाफ आंदोलनरत छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई, लाठीचार्ज और वाटर कैनन के प्रयोग की कड़ी निंदा की है। महासंघ के केंद्रीय अध्यक्ष विक्रांत ज्योति ने कहा कि महासंघ से जुड़े सभी 45 संगठन पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया की मांग को लेकर छात्रों के आंदोलन का समर्थन करेंगे।
केंद्रीय महासचिव सुशील पांडेय ने आरोप लगाया कि सरकार नियुक्ति परीक्षाओं में अनियमितताओं को रोकने में विफल रही है। उन्होंने सभी विवादित नियुक्ति परीक्षाओं की सीबीआई जांच, फर्जी तरीके से नियुक्त अभ्यर्थियों की बर्खास्तगी और जेपीएससी-जेएसएससी में व्यापक सुधार की मांग की। महासंघ ने उच्चस्तरीय समिति बनाने के बजाय ठोस कार्रवाई की मांग की।
महासंघ के केंद्रीय समिति सदस्य महेश सोरेन ने कहा कि जरूरत पड़ने पर संगठन के सभी 45 विंग छात्रों के हित में राज्यव्यापी आंदोलन में उतरेंगे। उन्होंने कहा कि नियुक्ति में कथित धांधली के कारण युवा अपने अधिकारों के लिए सड़क पर उतरने को मजबूर हैं।

