
Jamshedpur : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय के आग्रह पर सोमवार को टाटा स्टील यूआईएसएल और जनता दल (यूनाइटेड) के पदाधिकारियों की संयुक्त टीम ने कदमा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का दौरा किया। टीम ने उलीयान, भाटिया बस्ती, रामनगर चौक, भाटिया पार्क से मरीन ड्राइव और शास्त्रीनगर सहित पांच प्रमुख क्षेत्रों का निरीक्षण कर लंबे समय से लंबित जनसुविधा से जुड़े कार्यों पर चर्चा की।
दौरे के दौरान नाना-नानी पार्क के मरम्मतीकरण और सौंदर्यीकरण का निर्णय लिया गया। साथ ही नील सरोवर की सफाई और हेजिंग का काम कराने पर सहमति बनी। कदमा के चंडी बाबा मंदिर से सती घाट तक पुराने ड्रेन की मरम्मतीकरण और सफाई भी कराई जाएगी।
शास्त्रीनगर से भाटिया पार्क तक खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत की जाएगी। आवश्यकता होने पर नई स्ट्रीट लाइटें भी लगाई जाएंगी। इसी तरह भाटिया पार्क से मरीन ड्राइव होते हुए रामनगर हाड़गोदाम तक प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त करने का निर्णय लिया गया है।
रामनगर सात नंबर रोड स्थित रजक समाज भवन के पीछे से पार्क होते हुए नदी की ओर जाने वाले ड्रेन की सफाई और मरम्मतीकरण भी कराया जाएगा। रामनगर चौक की खराब सड़क की मरम्मत के साथ वहां सार्वजनिक यूरीनल का निर्माण कराने पर भी सहमति बनी।
संयुक्त टीम ने साकची स्थित डायमंड शोरूम के पीछे सूख चुके पेड़ को हटाने का भी निर्णय लिया। टीम का यह निरीक्षण कई घंटे तक चला। मंगलवार को टाटा स्टील यूआईएसएल और जदयू की संयुक्त टीम सोनारी क्षेत्र का दौरा करेगी।
छह अगस्त को सौंपा गया था ज्ञापन
इससे पहले छह अगस्त को सरयू राय के निर्देश पर जदयू के प्रतिनिधिमंडल ने टाटा स्टील यूआईएसएल के वरीय महाप्रबंधक आरके सिंह से मुलाकात कर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास एवं जनसुविधा से जुड़े कार्यों को जल्द पूरा कराने की मांग की थी। प्रतिनिधिमंडल ने इस संबंध में विस्तृत ज्ञापन भी सौंपा था।
ज्ञापन पर चर्चा के बाद आरके सिंह ने सभी मुद्दों पर गंभीरता से कार्रवाई का भरोसा दिया था। उन्होंने कंपनी की टीम गठित कर जदयू प्रतिनिधियों के साथ संयुक्त क्षेत्र भ्रमण कराने की बात कही थी। सोमवार का दौरा इसी पहल का हिस्सा रहा।
दौरे में टाटा स्टील यूआईएसएल के सिविल विभाग से दुर्गादास मंडल और रणजीत कुमार, पब्लिक हेल्थ विभाग से डॉ. आलोक कुमार, हार्टीकल्चर विभाग से शिवेंद्र कुमार सहित बिजली, स्वच्छता और पेयजल विभाग के अधिकारी-कर्मी शामिल हुए। जदयू की ओर से सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, तारक मुखर्जी, मनोज सिंह, रविशंकर सिंह, शेषनाथ पाठक, दिनेश कुमार, देव कुमार, लक्ष्मण ठाकुर, विनोद सिंह और उषा यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
नगर निकायों की योजनाओं में सांसद-विधायकों की भागीदारी सुनिश्चित हो : सरयू राय
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो नगर निगम की विकास योजनाओं के चयन और क्रियान्वयन में सांसदों एवं विधायकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग की है। उन्होंने अपर नगर आयुक्त, मानगो नगर निगम को पत्र भेजकर 18 अगस्त को प्रस्तावित बोर्ड बैठक में रखी जाने वाली विकास योजनाओं की सूची को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार संशोधित करने का आग्रह किया है।
सरयू राय ने कहा कि नगर निकायों को मिलने वाली राशि के उपयोग के लिए सरकार द्वारा तय व्यवस्था का पालन किया जाना चाहिए। उनके अनुसार नाली निर्माण के लिए उपलब्ध राशि का 60 प्रतिशत वार्ड स्तर और 40 प्रतिशत निकाय स्तर की योजनाओं पर खर्च करने का प्रावधान है। सड़क निर्माण में 40 प्रतिशत राशि वार्ड स्तर और 60 प्रतिशत निकाय स्तर की योजनाओं पर खर्च की जानी है।
इसी तरह नागरिक सुविधा मद में 20 प्रतिशत राशि वार्ड स्तर और 80 प्रतिशत राशि निकाय स्तर की योजनाओं पर खर्च करने की व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि विभिन्न योजनाओं के लिए निकायों को मिलने वाली राशि में से 70 प्रतिशत राशि बोर्ड द्वारा चयनित निकाय स्तर की योजनाओं पर और 30 प्रतिशत राशि निर्धारित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों की अनुशंसा पर चयनित योजनाओं पर खर्च करने का प्रावधान है।
सरयू राय के मुताबिक इस 30 प्रतिशत हिस्से में महापौर के लिए 10 प्रतिशत, उपमहापौर के लिए 5 प्रतिशत, नगर आयुक्त के लिए 5 प्रतिशत और सांसद/विधायक की अनुशंसा के लिए 10 प्रतिशत राशि निर्धारित है।
उन्होंने कहा कि योजनाओं के चयन में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी का उद्देश्य स्थानीय जरूरतों और जनता की अपेक्षाओं को विकास योजनाओं में शामिल करना है। इसलिए मानगो नगर निगम की बोर्ड बैठक में प्रस्तुत योजनाओं की सूची को निर्धारित प्रावधानों के अनुरूप संशोधित किया जाना चाहिए।
बिहार की एमएलसी डॉ. भारती मेहता ने सरयू राय से की मुलाकात
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय से सोमवार को बिहार विधान परिषद की एमएलसी और बिहार जदयू की प्रदेश प्रवक्ता डॉ. भारती मेहता ने बिष्टुपुर स्थित उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान डॉ. भारती मेहता ने सरयू राय का कुशलक्षेम पूछा। दोनों के बीच विभिन्न विषयों पर अनौपचारिक बातचीत भी हुई।
डॉ. भारती मेहता के साथ झारखंड राज्य नोनिया महासंघ के प्रतिनिधि भी सरयू राय से मिलने पहुंचे। इस अवसर पर शिव कुमार चौहान, सुरेश महतो, मैनेजर प्रसाद, संजीत सिंह उर्फ महतो, प्रभुनाथ प्रसाद, विनोद कुमार, वीरेंद्र महतो, सुरेंद्र प्रसाद, शत्रुघ्न महतो, कृष्णा देवी, मंजू देवी, रीना देवी, दूधनाथ महतो, अंशुल शरण, सुबोध श्रीवास्तव, नीरज सिंह, अमित शर्मा, अजय कुमार और मंजू सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।
Read Also: Jamshedpur : मानसून फिर हुआ सक्रिय, 12 घंटे में हुई 35 एमएम बारिश


