
पलामू: लगातार दो दिनों की मुसलाधार बारिश ने पलामू की स्थिति बिगाड़ दी है। लातेहार, गुमला और पलामू क्षेत्र में हो रही भारी बारिश से कोयल, अमानत और ओरंगा नदियां उफान पर हैं। मेदिनीनगर में कोयल नदी का जलस्तर काफी तेजी से बढ़ रहा है। भीषण बाढ़ का खतरा फिर से मंडराने लगा है। शहर के निचले इलाकों में पानी घुस आया है। हुसैन नगर और राहत नगर जैसे मोहल्लों में नदी का पानी दाखिल हो चुका है। इसके अलावा पहाड़ी मोहल्ला, पंचवटी नगर और मैरिन ड्राइव क्षेत्र में खतरा देखते हुए पुलिस बल की गश्त बढ़ा दी गई है।
लाउडस्पीकर से दी जा रही चेतावनी
प्रशासन लाउडस्पीकर के ज़रिए नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर जाने और सतर्क रहने की लगातार चेतावनी दे रहा है। खतरे के बावजूद कई लोग और युवा रिवर फ्रंट व नदी के किनारों पर जाकर रील बनाने और तस्वीरें खींचने से बाज नहीं आ रहे। पुलिस ने ऐसे लोगों को सख्त चेतावनी देकर दूर रहने को कहा है।
दूसरी बार बनी ऐसी स्थिति
इससे पहले 14 अगस्त को भी नदी में आई भीषण बाढ़ से कोयल रिवर फ्रंट डूब गया था और निर्माणाधीन पुल की लाखों-करोड़ों की मशीनें पानी में समा गई थीं। वहीं बारिश से धान की रोपनी तेज होने के कारण किसानों के चेहरे खिल गए हैं। दूसरी ओर शहर के कई इलाकों में जलजमाव होने से आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।


