
चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय एलुमिनी एसोसिएशन की कोर कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक गुरुवार को हुई। बैठक में एसोसिएशन की अध्यक्ष डॉ. डांगी सोरेन, सचिव मनोज राउत, कोषाध्यक्ष उमेश कुमार नायक, गवर्निंग बॉडी के सदस्य जेठूलाल महतो एवं अभिमन्यु राउत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में विश्वविद्यालय के विकास में एलुमिनी की भूमिका को और मजबूत करने, अधिक से अधिक पूर्ववर्ती छात्र-छात्राओं को संगठन से जोड़ने तथा विश्वविद्यालय के लिए रचनात्मक सहयोग उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई।
अध्यक्षा डॉ. डांगी सोरेन ने कहा कि एलुमिनी किसी भी विश्वविद्यालय का अभिन्न अंग होते हैं। यदि संगठन के माध्यम से विश्वविद्यालय के विकास में सहयोग किया जा सके, तो यह पूरे संगठन के लिए बड़ी उपलब्धि होगी।
सचिव मनोज राउत ने कहा कि कोल्हान विश्वविद्यालय से पासआउट सभी छात्र-छात्राओं को एलुमिनी एसोसिएशन से जोड़ना प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कोल्हान विश्वविद्यालय एलुमिनी एसोसिएशन राज्य सरकार से निबंधित संगठन है और आने वाले दिनों में शिक्षा, सामाजिक सेवा एवं विश्वविद्यालय हित से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाई जाएगी।
रक्तदान शिविर में एलुमिनी एसोसिएशन की बढ़-चढ़कर भागीदारी का निर्णय
बैठक में आगामी 22 अगस्त को जिला प्रशासन द्वारा प्रोजेक्ट जागृति के तहत आयोजित रक्तदान शिविर में एलुमिनी एसोसिएशन की बढ़-चढ़कर भागीदारी का निर्णय लिया गया। सभी सदस्यों एवं विश्वविद्यालय के पूर्ववर्ती छात्रों से रक्तदान कर इस मानवीय पहल को सफल बनाने की अपील की गई।
कुलसचिव को पुष्पगुच्छ भेंट कर किया स्वागत एवं अभिनंदन
इसके बाद एलुमिनी एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने कोल्हान विश्वविद्यालय के नवनियुक्त एवं सबसे युवा कुलसचिव डॉ. अमर कुमार से मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।
एलुमिनी संगठन के लिए सुविधाओं को पुनः उपलब्ध कराने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने एलुमिनी संगठन के लिए पूर्व में उपलब्ध कराए गए कमरा, टेबल, कुर्सी एवं अलमारी आदि सुविधाओं को पुनः उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। संगठन की ओर से बताया गया कि इस संबंध में पूर्व में भी आवेदन दिया जा चुका है। कुलसचिव ने पुनः लिखित आवेदन देने को कहा तथा आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन दिया। बैठक के अंत में एलुमिनी एसोसिएशन को और मजबूत बनाने तथा कोल्हान विश्वविद्यालय के विकास एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया गया।
Read Also Chaibasa News : दीवार गिरने से बुजुर्ग की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम


