Home » Jamshedpur Education News : 27 अगस्त को पीपुल्स एकेडमी में प्रधानाचार्यों की बैठक, 6 सितंबर के शिक्षा सेमिनार की तैयारी

Jamshedpur Education News : 27 अगस्त को पीपुल्स एकेडमी में प्रधानाचार्यों की बैठक, 6 सितंबर के शिक्षा सेमिनार की तैयारी

Jamshedpur Education News : झारखंड की शिक्षा व्यवस्था की खामियां चिन्हित कर समाधान खोजने के लिए होगा सेमिनार, स्कूलों की स्थिति का होगा सर्वे, प्रधानाचार्यों को भेजे गए फार्म

by Mujtaba Haider Rizvi
Jamshedpur Peoples Academy Principals Meeting
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : झारखंड की शिक्षा व्यवस्था में मौजूद कमियों की पहचान कर उनके समाधान की दिशा में पहल करने के उद्देश्य से जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की पहल पर 6 सितंबर को माइकल जॉन ऑडिटोरियम में सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। ‘शिक्षकों का सम्मान, शिक्षा का उत्थान’ विषय पर होने वाले इस सेमिनार की तैयारी को लेकर 27 अगस्त को न्यू बाराद्वारी स्थित पीपुल्स एकेडमी में शहर के सभी प्रधानाचार्यों की आवश्यक बैठक बुलाई गई है।

विधायक सरयू राय ने अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित बैठक में बताया कि 27 अगस्त को प्रधानाचार्यों के साथ बैठक कर शिक्षा व्यवस्था की जमीनी स्थिति पर चर्चा की जाएगी। सभी प्रधानाचार्यों से अपने विद्यालय के एक योग्य शिक्षक का चयन कर उनका नाम देने को कहा जाएगा। चयनित शिक्षकों को 6 सितंबर को आयोजित सेमिनार में सम्मानित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि विद्यालयों की वास्तविक स्थिति जानने के लिए प्रधानाचार्यों को सर्वेक्षण फार्म भी भेजे गए हैं। प्रधानाचार्यों से अपील की गई है कि वे भरे हुए फार्म 27 अगस्त की बैठक में साथ लेकर आएं। सर्वे के माध्यम से स्कूल भवन, विद्यार्थियों की संख्या, शिक्षकों की उपलब्धता, पढ़ाई-लिखाई की व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाओं की जानकारी जुटाई जाएगी।

सर्वे प्रश्नावली में जमशेदपुर के प्राथमिक और मध्य विद्यालयों की आधारभूत संरचना, शिक्षकों की स्थिति, विद्यार्थियों की संख्या और शिक्षा की गुणवत्ता से जुड़े कई सवाल शामिल किए गए हैं। प्राप्त जानकारी के आधार पर स्कूलों की समीक्षा की जाएगी और जहां भी कमियां सामने आएंगी, उनके समाधान पर विचार किया जाएगा।

सरयू राय ने कहा कि 27 अगस्त की बैठक काफी महत्वपूर्ण है। सभी प्रधानाचार्यों से अपराह्न 3 बजे तक पीपुल्स एकेडमी पहुंचकर बैठक में भाग लेने की अपील की गई है।

6 सितंबर को माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित सेमिनार के लिए सुबह 9.30 बजे से पंजीकरण शुरू होगा। उद्घाटन सत्र सुबह 10 बजे से 11 बजे तक चलेगा। इसके बाद प्राथमिक विद्यालयों पर केंद्रित पहला सत्र सुबह 11.30 बजे से 12.30 बजे तक आयोजित होगा। माध्यमिक विद्यालयों से संबंधित दूसरा सत्र दोपहर 12.30 बजे से डेढ़ बजे तक चलेगा।

उच्च एवं तकनीकी शिक्षा पर केंद्रित तीसरा सत्र दोपहर 2.30 बजे से 3.30 बजे तक आयोजित किया जाएगा। चौथे सत्र में छात्र आंदोलन के विभिन्न आयामों पर चर्चा होगी। यह सत्र दोपहर 3.30 बजे से शाम 4.30 बजे तक चलेगा। सेमिनार में झारखंड की शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विविध विषयों पर शोध पत्र भी प्रस्तुत किए जाएंगे।

सेमिनार में भागीदारी के लिए जमशेदपुर के निजी और सरकारी विद्यालयों एवं कॉलेजों को आमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। मंगलवार को आयोजित तैयारी बैठक में सुबोध श्रीवास्तव, अशोक गोयल, आशुतोष राय, डॉ. अनीता शर्मा, चंद्रदीप पांडेय, एसपी सिंह, पवन सिंह, विकास सिंह, श्रीमन त्रिगुण, कृष्ण कुमार, नवनीत सिंह, आदित्य मुखर्जी और विनीत सहित अन्य लोग मौजूद थे।

Read Also: Jamshedpur News: वीमेंस यूनिवर्सिटी ने जारी किया परीक्षा कैलेंडर, यूजी व पीजी ऑड सेमेस्टर की मिड टर्म आंतरिक परीक्षाएं 12 से 21 सितंबर तक

Related Articles