
Patamda : बोड़ाम थाना क्षेत्र के माधवपुर गांव में बुधवार की दोपहर वज्रपात की चपेट में आने से पोल्ट्री फॉर्म संचालक निर्मल दास (52) की मौत हो गई। घटना दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
गौरतलब है कि तेज बारिश के दौरान निर्मल दास अपने पोल्ट्री फॉर्म के शेड के अंदर कुर्सी पर बैठे हुए थे। इसी दौरान जोरदार धमाके के साथ शेड की एस्बेस्टस छत पर वज्रपात हुआ। बिजली की चपेट में आने से निर्मल दास अचेत होकर गिर पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें तत्काल इलाज के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल, जमशेदपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक के छोटे भाई दीपक दास ने बताया कि निर्मल दास रोज की तरह पोल्ट्री फॉर्म में काम कर रहे थे। दोपहर में तेज बारिश शुरू होने पर वह शेड के अंदर कुर्सी पर बैठ गए थे। इसी दौरान अचानक जोरदार धमाके के साथ बिजली गिरी और वह वज्रपात की चपेट में आ गए।
निर्मल दास सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय रहते थे और पूर्व में भाजपा से जुड़े हुए थे। वह दिवंगत भाजपा नेता हाराधन दास के चचेरे भाई थे। उनके परिवार में पत्नी, 16 वर्षीय पुत्र और दो पुत्रियां हैं। दोनों पुत्रियों की शादी हो चुकी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में परिजन, रिश्तेदार और परिचित एमजीएम अस्पताल पहुंचे और गहरा दुख व्यक्त किया। निर्मल दास के निधन से माधवपुर गांव में शोक की लहर है।
Read Also: Ranchi Missing Boy: किशोर घर से निकला, फिर नहीं लौटा, गोंदा थाने में गुमशुदगी का मामला दर्ज

