
कोडरमा : लगातार बारिश के चलते सड़कें भी खतरनाक हो गई हैं। चालक अपने वाहनों से नियंत्रण खो दे रहे हैं। ऐसा ही एक हादसा हुआ कोडरमा घाटी में जहां चालक के नियंत्रण से बाहर होकर ट्रक खाई में जाकर पलट गया। यह घटना कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत रांची-पटना मुख्य मार्ग स्थित कोडरमा घाटी के बंदरचुआं माइंस के समीप सोमवार को सुबह हुई। इस ट्रक में मछली लदी थी जिसे आंध्र प्रदेश से बिहार के खगड़िया ले जाया जा रहा था। ट्रक पलटने की घटना के दौरान इसके चालक शंकर कुमार और उपचालक ने किसी तरह कूद तो गए लेकिन उन्हें चोटें आईं।

ब्रेक लगाने का प्रयास रहा विफल
ट्रक पलटने की घटना के बाद उस ट्रक के चालक ने बताया कि वे लोग आंध्र प्रदेश से मछली लोड कर बिहार के खगड़िया जिला ले जा रहे थे। बंदरचुआं के समीप ढलान है। बारिश भी काफी हुई थी इस ढलान वाले मार्ग पर बारिश के कारण ट्रक पर नियंत्रण नहीं रखा जा सक। ब्रेक लगाने का प्रयास किया, लेकिन ब्रेक नहीं लगा। देखते ही देखते ट्रक खाई की ओर मुड़ गया और आगे जाकर पलट गया।

चालक व उप चालक ने कूदकर बचाई जान
ट्रक के चालक के नियंत्रण से बाहर होते ही यह आभास हो गया के बड़ी दुर्घटना हो सकती है। संभलने का कोई समय भी नहीं था। ऐसे में दुर्घटना होने की स्थिति को भांपकर चालक और उप चालक ट्रक से कूद गए। इसके बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरा। उधर, घटना की सूचना पर कोडरमा पुलिस मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में पलटे ट्रक को बाहर निकालने का प्रयास शुरू कर दिया गया है।
Read Also- Ranchi News : बैंक ऑफ बड़ौदा में 2482 लोकल बैंक ऑफिसर पदों पर भर्ती, 7 सितंबर तक आवेदन का मौका


