
Jamshedpur : झारखंड में भर्ती व्यवस्था में सुधार और युवाओं को पारदर्शी तरीके से रोजगार उपलब्ध कराने की मांग को लेकर निकाली गई भर्ती व्यवस्था सुधार यात्रा गुरुवार को 11वें दिन जमशेदपुर पहुंची। यात्रा का नेतृत्व दिशोम वीर बाबू देवेंद्र नाथ महतो ने किया। पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिले के विभिन्न इलाकों में यात्रा के दौरान कार्यक्रम और प्रदर्शन आयोजित किए गए।
पूर्वी सिंहभूम में यात्रा बोड़ाम के निर्मल महतो चौक, जाल्ला कॉलेज, पटमदा, कदमा उलियान स्थित निर्मल महतो समाधि स्थल, को-ऑपरेटिव कॉलेज, आम बागान मैदान और साकची गोलचक्कर पहुंची। इस दौरान समर्थकों ने हाथों में झंडे लेकर भर्ती प्रक्रिया में सुधार और पारदर्शिता की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। आम बागान मैदान में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा और साकची गोलचक्कर स्थित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर देवेंद्र नाथ महतो ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी की कथित भ्रष्ट भर्ती व्यवस्था के खिलाफ उलगुलान जारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में नौकरियों की व्यवस्था को लेकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित होने तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि यह कोई राजनीतिक यात्रा नहीं, बल्कि एक क्रांति है। यात्रा झारखंड के सभी जिलों में पहुंचेगी और युवाओं के बीच जागरूकता पैदा करने का काम करेगी, ताकि राज्य के युवाओं का भविष्य बर्बाद न हो।

