Home » Jamshedpur News : झारखंड के युवाओं के लिए सुनहरा मौका, विकसित भारत क्विज में भाग लेने की अंतिम तिथि 30 सितंबर

Jamshedpur News : झारखंड के युवाओं के लिए सुनहरा मौका, विकसित भारत क्विज में भाग लेने की अंतिम तिथि 30 सितंबर

विकसित भारत क्विज में चयनित प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के अगले चरणों में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

by Mujtaba Haider Rizvi
WhatsApp Group Join Now
Instagram Follow Now

Jamshedpur : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (वीबीवाईएलडी) 2027 की शुरुआत की जा रही है। कार्यक्रम के पहले चरण के रूप में विकसित भारत प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन माई भारत पोर्टल पर किया जा रहा है। इसका उद्देश्य देश के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को विकसित भारत @2047 की परिकल्पना से जोड़ना और उनमें नेतृत्व क्षमता एवं जिज्ञासा को बढ़ावा देना है।

 20 सवाल, 10 मिनट में पूरा करना होगा क्विज

विकसित भारत क्विज में भाग लेना पूरी तरह निःशुल्क है। प्रतियोगिता में कुल 20 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जिन्हें पूरा करने के लिए प्रतिभागियों को 10 मिनट का समय मिलेगा। क्विज में शामिल होने की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है।

देशभर के पात्र युवा माई भारत पोर्टल पर लॉगिन कर अपना पंजीकरण कर क्विज में भाग ले सकते हैं।

क्विज के बाद राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर

विकसित भारत क्विज में चयनित प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के अगले चरणों में शामिल होने का अवसर मिलेगा। चयनित युवाओं को निबंध लेखन, जिला स्तरीय प्रस्तुतीकरण, राज्य स्तरीय वीबीवाईएलडी और राष्ट्रीय संवाद जैसे विभिन्न चरणों से गुजरना होगा।

राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवा 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में आयोजित होने वाले वीबीवाईएलडी 2027 में भाग लेंगे। यहां उन्हें विशेषज्ञों, केंद्रीय मंत्रियों और अन्य गणमान्य व्यक्तियों के समक्ष अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा। वहीं, क्षेत्रीय स्तर के फाइनलिस्टों को प्रधानमंत्री के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर भी प्राप्त होगा।

 पूर्वी सिंहभूम में कार्यक्रम के प्रचार पर जोर

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 में युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पूर्वी सिंहभूम (झारखंड) के जिला युवा अधिकारी ने जिले के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की।

इस दौरान उपायुक्त राजीव रंजन, उपविकास आयुक्त नागेंद्र पासवान और जिला खेल पदाधिकारी रूपा रानी तिर्की को कार्यक्रम एवं विकसित भारत क्विज के संबंध में जानकारी दी गई।

अधिकारियों की मौजूदगी में क्विज के पोस्टर का अनावरण एवं प्रचार किया गया। साथ ही जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में प्रतियोगिता में शामिल होने की अपील की गई।

 युवाओं को राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका

विकसित भारत क्विज युवाओं के लिए केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि अपनी प्रतिभा, विचार और नेतृत्व क्षमता को राष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का अवसर है। इसके माध्यम से युवा विकसित भारत @2047 के निर्माण में अपनी भूमिका और विचारों को सामने रख सकते हैं।

इच्छुक युवा www.mybharat.gov.in या http://www.mybharat.gov.in पर जाकर पंजीकरण कर क्विज में हिस्सा ले सकते हैं। झारखंड के युवाओं से भी इस अवसर का अधिकाधिक लाभ उठाने की अपील की गई है

Related Articles

Leave a Comment