
चाईबासा : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में गणेश पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की संयुक्त अध्यक्षता में शनिवार को जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।
बैठक में पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था, पंडालों की सुरक्षा और प्रतिमा विसर्जन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने सभी पूजा पंडालों का संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों से अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन कराने का निर्देश दिया। पंडाल की संरचना, प्रवेश और निकास द्वार, विद्युत व्यवस्था तथा अग्नि सुरक्षा मानकों की जांच करने को कहा गया।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यकतानुसार महिला और पुरुषों के लिए अलग-अलग प्रवेश एवं निकास मार्ग बनाने तथा भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
सीसीटीवी और वॉलेंटियर रहेंगे तैनात
सभी प्रमुख पूजा पंडालों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने का निर्देश दिया गया है। इनके जरिए प्रवेश, निकास और पंडाल परिसर की गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी।
पूजा समितियों को पर्याप्त संख्या में वॉलेंटियर तैनात करने को कहा गया है। सभी वॉलेंटियर पहचान पत्र के साथ ड्यूटी पर रहेंगे और श्रद्धालुओं की सहायता के साथ भीड़ प्रबंधन में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करेंगे।
विसर्जन मार्ग और घाटों की होगी जांच
प्रतिमा विसर्जन के लिए निर्धारित मार्गों का भी संबंधित पदाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों से भौतिक सत्यापन कराया जाएगा। मार्ग में किसी तरह की निर्माण सामग्री, मलबा या अन्य अवरोध नहीं रहने देने का निर्देश दिया गया है।
विसर्जन घाटों का पूर्व निरीक्षण कर वहां पर्याप्त रोशनी, बैरिकेडिंग और सुरक्षा बल की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। गहरे पानी वाले स्थानों को पहले से चिन्हित कर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
जरूरत पड़ने पर बदलेगा ट्रैफिक रूट
विसर्जन के दौरान भीड़ और यातायात की स्थिति को देखते हुए संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर रूट डायवर्जन भी किया जा सकता है। प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आम लोगों को इसकी पूर्व सूचना देने का निर्देश दिया है।
आपातकालीन सेवाओं के वाहनों के लिए मार्ग सुगम रखने तथा पूजा पंडालों और प्रमुख स्थलों पर अग्निशमन एवं अन्य आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर
गणेश पूजा के दौरान अफवाह और भ्रामक सूचनाओं के प्रसार को रोकने के लिए सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन एवं पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर नजर बनाए रखेंगे।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर भरोसा न करें और उसे आगे प्रसारित न करें। किसी भी सूचना की पुष्टि के लिए प्रशासन और पुलिस के अधिकृत स्रोतों पर ही भरोसा करें।
Read Also Chaibasa News : किरीबुरू के सेल अस्पताल की बदहाली पर झामसंसं अध्यक्ष रामा पांडेय ने जताई चिंता

