
रांची : झारखंड की बाल संरक्षण व्यवस्था को मजबूत करने की कवायद के तहत बाल कल्याण समिति और किशोर न्याय बोर्ड के सामाजिक कार्यकर्ताओं के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ी है। विभाग ने स्क्रीनिंग में योग्य पाए गए अभ्यर्थियों के साक्षात्कार की तारीख तय कर दी है। 24 से 26 सितंबर तक तीन दिनों में साक्षात्कार होंगे।
झारखंड राज्य बाल संरक्षण संस्था की ओर से मिली जानकारी के अनुसार साक्षात्कार धुर्वा स्थित एफएफपी भवन में होगा। सामाजिक कार्यकर्ताओं का चयन बाल कल्याण समिति और किशोर न्याय बोर्ड की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। बच्चों से जुड़े मामलों में त्वरित निर्णय, उनकी सामाजिक स्थिति का आकलन और पुनर्वास की व्यवस्था में इन समितियों और बोर्ड की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
बच्चों के पुनर्वास पर रहेगा जोर
बाल कल्याण समिति के सामने ऐसे मामले आते हैं, जिनमें बच्चों की सुरक्षा, देखभाल और पुनर्वास की जरूरत होती है। वहीं किशोर न्याय बोर्ड कानून से जुड़े मामलों में बच्चों के हित और उनके पुनर्वास पर निर्णय लेता है। ऐसे में सामाजिक कार्यकर्ताओं की भूमिका केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहती। वे बच्चे और उसके परिवार की सामाजिक परिस्थितियों को समझने, परिवार से समन्वय करने तथा जरूरत के मुताबिक पुनर्वास और सरकारी सहायता से जोड़ने में महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं।
लंबे समय से चल रही चयन प्रक्रिया अब अगले चरण में
विभागीय नोटिस के तहत प्राप्त आवेदनों की स्क्रीनिंग पूरी होने के बाद अब योग्य अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है। स्क्रीनिंग में शर्तों के अनुरूप नहीं पाए गए आवेदनों को अलग किया गया है। इनमें ऐसे आवेदन भी शामिल हैं, जिनमें अभ्यर्थियों ने ऐसे जिलों का विकल्प दिया था जहां रिक्तियां उपलब्ध नहीं थीं। 60 वर्ष की आयु पूरी कर चुके अभ्यर्थी भी पात्रता के दायरे से बाहर किए गए हैं।

