
रांची : झारखंड की राजधानी रांची की सड़कों पर मंगलवार को देर रात उस वक्त हड़कंप मच गया, जब शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने खुद कप्तान (SSP) मैदान में उतर आए। अपराधियों पर नकेल कसने और कानून व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए एसएसपी राकेश रंजन के साथ सिटी एसपी पारस राणा और ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने कई इलाकों का औचक निरीक्षण किया।
अधिकारियों का यह काफिला शहर के उन तमाम अंधेरे और सुनसान रास्तों तक पहुंचा, जिन्हें अपराध के लिहाज से संवेदनशील माना जाता है। एसएसपी ने साफ कहा कि अब कागजी या नाममात्र की गश्ती से काम नहीं चलेगा, बल्कि पुलिसकर्मियों को जमीन पर उतरकर मुस्तैदी दिखानी होगी।
छिनतई, नशाखोरी और अड्डेबाजी की शिकायतों वाले इलाकों पर पुलिस ने खास फोकस रखा। सुखदेवनगर, पंडरा, कोतवाली, अरगोड़ा और मुंडला पहाड़ जैसे हॉटस्पॉट पर जाकर अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजामों को परखा। इस दौरान मुंडला पहाड़ इलाके में छापेमारी कर अवैध शराब भी जब्त की गई। संबंधित थाना प्रभारियों को सख्त लहजे में निर्देश दिए गए हैं कि संदिग्ध लोगों पर कड़ी नजर रखी जाए और रात के समय गश्ती इस तरह बढ़ाई जाए कि असामाजिक तत्वों के दिल में खाकी का खौफ साफ नजर आए।

