
पलामू : झारखंड के पलामू जिला अंतर्गत चैनपुर थाना क्षेत्र के पनेरीबांध से लापता हुई 12 वर्षीय बच्ची और उसकी 11 वर्षीय बुआ को पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के भीमगड़ा से सकुशल बरामद कर लिया। दोनों घर से लकड़ी चुनने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन काफी समय बीतने के बाद भी घर नहीं लौटीं। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चैनपुर थाना की पुलिस ने दोनों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। पुलिस ने संभावित इलाकों में सघन तलाशी अभियान चलाया। लापता होने वाले इलाके में कई तालाब होने के कारण पुलिस ने किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए गोताखोरों की मदद से तालाबों में भी खोजबीन कराई।
इसी दौरान पुलिस को दोनों बच्चियों के भीमगड़ा क्षेत्र में देखे जाने की सूचना मिली। चैनपुर के थाना प्रभारी लालजी के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि दोनों बच्चियां पिता की डांट से नाराज होकर घर से भाग गई थीं। परिजनों की ओर से घरेलू काम को लेकर उन्हें डांट-फटकार और दबाव दिया जाता था। इसी से नाराज होकर दोनों ने घर छोड़ दिया।
पूछताछ में यह भी पता चला कि एक बच्ची का ननिहाल लातेहार के अमवाटिकर क्षेत्र में है। दोनों ट्रेन से लातेहार पहुंचीं, लेकिन नानी का घर काफी दूर होने के कारण वहां तक नहीं जा सकीं। उनके पास पैसे भी नहीं थे। इसके बाद दोनों वापस लौट आईं और भीमगड़ा इलाके में रहने लगीं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को बरामद कर परिजनों को सौंप दिया। दोनों के सुरक्षित मिलने से परिवार वालों ने राहत की सांस ली।
Read Also- Chatra Auto Driver Kidnapping : रंगदारी के लिए ऑटो चालक का अपहरण, पुलिस ने सकुशल कराया मुक्त

